सत्य निकेतन हादसे के बाद…ABVP ने बनाया…सुरक्षित आवास को मुद्दा…DUSU के लिए जारी किया…छात्र-केंद्रित घोषणापत्र

नई दिल्ली, 13 सितंबर । दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी कर चुनावी अभियान को और तेज कर दिया है। इस बार अभाविप ने ‘अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम’ के चार सूत्रीय संकल्प के साथ छात्र-केंद्रित घोषणापत्र पेश किया है।
अभाविप ने इस घोषणापत्र में सुरक्षित एवं सुलभ विद्यार्थी आवास, महिला सुरक्षा, विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया में छात्रों की भागीदारी और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के साथ रोजगार के अवसरों को मुख्य एजेंडा बनाया है।
ये हैं अभाविप के प्रत्याशी :-
अभाविप ने इस बार अध्यक्ष पद पर यश डबास (7), उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य (3), सचिव पद पर रिया छाबड़ी (3) और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह (3) को मैदान में उतारा है। पूरा पैनल लगातार कॉलेजों, पीजी और हॉस्टलों में छात्रों से संपर्क कर रहा है।
सुरक्षित आवास बना बड़ा मुद्दा :-
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि सत्य निकेतन हादसे के बाद सुरक्षित छात्र आवास का मुद्दा सबसे अहम है। घोषणापत्र में नए छात्रावासों का निर्माण, छात्राओं के लिए पर्याप्त हॉस्टल, छात्र आवास प्रकोष्ठ एवं हेल्पलाइन, पीजी-हॉस्टलों की सुरक्षा जांच, अग्नि-सुरक्षा मानकों का पालन और पीने का पानी, स्वच्छता व इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने का वादा किया गया है।
स्वास्थ्य परामर्श केंद्र को प्रभावी बनाने :-
महिला सुरक्षा के लिए पिंक बूथ, सुरक्षा गश्त, महिला सुरक्षा कर्मी, बेहतर लाइटिंग, कॉमन रूम, सैनिटरी नैपकिन मशीन, स्त्री-रोग विशेषज्ञ और आत्मरक्षा प्रशिक्षण को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा आंतरिक शिकायत समिति, ट्रांसजेंडर छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, दिव्यांग छात्रों के लिए सुगम कैंपस, नॉर्थ-ईस्ट छात्रों के लिए सहायता केंद्र और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र को प्रभावी बनाने की बात कही गई है।
स्टार्टअप-उद्यमिता को बढ़ावा :-
शैक्षणिक मोर्चे पर समय पर रिजल्ट, सप्लीमेंट्री परीक्षा, उत्तर पुस्तिका देखने की सुविधा, आंतरिक मूल्यांकन में पारदर्शिता और समय पर डिग्री देने पर जोर रहेगा। वहीं रोजगार के लिए जॉब फेयर, इंडस्ट्री से टाई-अप, इंटर्नशिप, AI और डिजिटल स्किल्स तथा स्टार्टअप-उद्यमिता को बढ़ावा देने का वादा किया गया है।
क्या बोले प्रत्याशी :-
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास ने कहा, “अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम छात्रों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा है। बाकी संगठन आपसी मतभेद में उलझे हैं, जबकि हम एकजुट होकर छात्रों के बीच हैं। सत्य निकेतन हादसे के बाद सुरक्षित आवास के लिए हमने लगातार आवाज उठाई है। छात्रों से अपील है कि 7-3-3-3 पर मतदान कर 4-0 की जीत दिलाएं।”
वहीं रिया छाबड़ी ने कहा कि हर छात्रा को सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल देना प्राथमिकता है।
अभाविप दिल्ली प्रांत के प्रदेश सचिव सार्थक शर्मा ने दावा किया कि छात्रों का समर्थन देखकर तय है कि इस बार डूसू में अभाविप क्लीन स्वीप करेगी।




