छत्तीसगढ़

अपेक्स बैंक के उपाध्यक्ष पद पर …यादव समाज की दावेदारी… 35 लाख यादवों की अनदेखी पर फूटा गुस्सा…सर्व यादव समाज ने CM साय और संगठन महामंत्री पवन साय को लिखा पत्र…

रायपुर । छत्तीसगढ़ के यादव समाज ने अब सत्ता में हिस्सेदारी के लिए बड़ी हुंकार भरी है। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने एक ही दिन दो बड़े पत्र लिखे हैं – एक प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को और दूसरा भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को।

पत्र क्रमांक Q/9/2026, 08  सितंबर में जो दर्द और मांग उठाई गई है, वो सीधे-सीधे सरकार के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।

विषय साफ है:-

अपेक्स बैंक में उपाध्यक्ष पद और अन्य निगम-मंडल में यादव समाज को प्रतिनिधित्व दो।

पत्र में 5 बड़ी बातें जो सरकार को झकझोर देंगी :-

1. हम 35 लाख हैं, OBC में नंबर 2 पर हैं: पत्र में रमेश यदु ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की जनसंख्या लगभग 35 लाख से भी अधिक है। पिछड़ा वर्ग में हम संख्या के मान से दूसरे स्थान पर हैं।

2. 60% वोट हमेशा BJP को: हमारा समाज प्रारंभ से ही भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है। हमारे समाज का लगभग 60% मतदान सदैव भाजपा के पक्ष में जाता रहा है।

3. प्रतिनिधित्व लगभग शून्य, समाज में गहरी नाराजगी: इतनी बड़ी संख्या और निष्ठा के बाद भी बड़े दुख का विषय है कि हमारे समाज को राजनीतिक क्षेत्र में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया। प्रदेश संगठन में गिनती के पद, प्रथम मंत्रिमंडल में एक स्थान के बाद आयोग, निगम, मंडलों में हमारा प्रतिनिधित्व लगभग शून्य है। इस कारण आज पूरा यादव समाज अपने आप को उपेक्षित और अपमानित महसूस कर रहा है।

4. आदिवासी और यादव एक समान, हमें समझिए: मुख्यमंत्री और संगठन महामंत्री जी, आप स्वयं आदिवासी समाज से आते हैं। आदिवासी और यादव समाज की संस्कृति, परंपरा और जीवन शैली बहुत हद तक मिलती-जुलती है। प्रदेश की 75 से 80% आबादी वनांचल क्षेत्र में निवास करती है, जिसमें आदिवासी के बाद दूसरे नंबर पर यादव समाज ही आता है। मंत्रिमंडल में स्थान भी हमें बड़े संघर्ष के बाद प्राप्त हुआ था।

5. अब क्या चाहिए: हमें ज्ञात हुआ है कि आने वाले समय में अपेक्स बैंक के उपाध्यक्ष से लेकर सदस्य पदों सहित कई आयोग, निगम, मंडलों में नियुक्तियां होनी हैं। छत्तीसगढ़ के अधिकांश समाजों को अच्छी संख्या में प्रतिनिधित्व दिया गया है। अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि आगामी नियुक्तियों में, विशेषकर अपेक्स बैंक के उपाध्यक्ष पद एवं अन्य निगम-आयोग-मंडल में यादव समाज को जनसंख्या के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करने की कृपा करें।

पत्र के अंत में रमेश यदु ने लिखा है कि आपके इस आशीर्वाद से पूरे यादव समाज में हर्ष व्याप्त होगा और समाज का भाजपा के प्रति विश्वास और अधिक दृढ़ होगा।

Related Articles

Back to top button