छत्तीसगढ़

गौ-सेवा से शुरू किया दिन…हनुमान भक्ति में मना जन्मोत्सव…

रायपुर 28 अक्टूबर ।  राजधानी में प्रख्यात समाजसेवी और श्री सर्व धर्म संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति के संस्थापक कुबेर राठी का जन्मदिवस सेवा संकल्प के रूप में मनाया गया।

उन्होंने दिन की शुरुआत रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित प्राचीन संकटमोचन हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ की। इसके बाद समिति कार्यालय में ‘गावो विश्वस्य मातरः’ की परंपरा निभाते हुए गौ-माताओं को हरी सब्जी, गुड़, चना, चावल और रोटी अपने हाथों से खिलाकर आशीर्वाद लिया।

दिनभर कार्यालय में उत्सव का माहौल रहा। गाजे-बाजे, पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के बीच समर्थकों ने केक काटकर उन्हें दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कुबेर राठी ने कहा, ‘परोपकाराय सतां विभूतयः’ – सत्पुरुषों का सामर्थ्य परोपकार के लिए होता है। आप सबका यह स्नेह मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि जनसेवा के मार्ग पर और अधिक निष्ठा से बढ़ने का संकल्प है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज ने कहा कि कुबेर राठी गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता के सच्चे संवाहक हैं। भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी ने भावुक होते हुए कहा कि वे केवल बड़े भाई ही नहीं, मेरे जीवन के सबसे बड़े संबल और मार्गदर्शक हैं।

इस अवसर पर आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव, वैश्य समाज अध्यक्ष नवरत्न माहेश्वरी, अजय देवांगन, राजेंद्र पांडे, विवेक जोशी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button