अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ… राजधानी में 3000 छात्रों का सैलाब…ABVP ने भरी हुंकार…

रायपुर 26 अक्टूबर । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रायपुर महानगर ने सोमवार को ‘अराजकता रोको, लोकतंत्र अपनाओ’ के आह्वान पर बड़ा विद्यार्थी हुंकार प्रदर्शन किया। सप्रे शाला मैदान से जनसंपर्क कार्यालय तक निकली रैली में 3000 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
प्रदर्शन का नेतृत्व ABVP की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री एवं केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य कु. शालिनी वर्मा और छत्तीसगढ़ प्रांत मंत्री अनंत सोनी ने किया।
शालिनी वर्मा का बड़ा बयान:-
मंच से शालिनी वर्मा ने कहा, “जैसे छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त हुआ है, वैसे ही आने वाले कुछ वर्षों में इन दिमागी नक्सलियों को भी समाप्त करेंगे। नेहा, अभिजीत, राहुल देश में रह रहे आतंकवादी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि, “छत्तीसगढ़ की वीरभूमि से स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं। लोकतंत्र में विरोध सबका अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता, भ्रामक प्रचार और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास फैलाना स्वीकार्य नहीं है। NEET, SIR और संविधान जैसे मुद्दों की आड़ में देशविरोधी विचारों का महिमामंडन किया जा रहा है, जिसका युवा वैचारिक जवाब देगा।”
तिरंगा हाथ में लेने से राष्ट्रभक्त नहीं बनते:-
प्रांत मंत्री अनंत सोनी ने कहा, “भारत की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का सपना देखने वालों को युवा शक्ति मुंहतोड़ जवाब देगी। तिरंगे को हाथ में लेकर राष्ट्रहित का दिखावा करने से कोई राष्ट्रभक्त नहीं बन जाता, निष्ठा विचारों और आचरण से सिद्ध होती है।”
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की स्वतंत्रता का अर्थ अराजकता फैलाने की छूट नहीं है और राष्ट्रीय प्रतीकों का राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने वालों को जनता जवाब देगी।
ABVP ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया या संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का समाधान संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं से होना चाहिए, अराजकता से नहीं।
इस दौरान प्रदेश सह मंत्री हेमांशु कौशिक, प्रथम फूटाने, रायपुर महानगर मंत्री सजल गुप्ता, छात्रा प्रमुख हर्षित कौर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे ।





