हाउसिंग बोर्ड कमिश्नर का अल्टीमेटम…लिफ्ट सुधारो, मरम्मत करो, आवास रथ दौड़ाओ…मार्च 2027 के बाद नहीं मिलेगी छूट…997 बाकी, लूट लो ऑफर…

रायपुर 24 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 ने वो कर दिखाया जो पहले कभी नहीं हुआ।
5 साल से अधिक समय से नहीं बिक रही आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों पर मिल रही बंपर छूट के बाद अब तक 62.5 प्रतिशत संपत्तियों का विक्रय हो चुका है।
997 संपत्तियां शेष :-
मंडल के आंकड़ों के मुताबिक OTS-2 के तहत कुल 2,656 संपत्तियां विक्रय के लिए रखी गई थीं, जिनमें से 1,659 संपत्तियों का विक्रय कर मंडल ने 251.71 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। अब केवल 997 संपत्तियां शेष हैं, जिनकी कुल कीमत 134.40 करोड़ रुपये है।
कैसे मिला छूट का लाभ:-
राज्य मंत्रिपरिषद ने 19 जनवरी 2025 को बैठक में निर्णय लिया था कि 5 साल से अधिक समय से नहीं बिक पाई संपत्तियों को बेस रेट पर छूट देकर बेचा जाए। इसी के तहत 1 मार्च 2025 से OTS-2 शुरू हुई।
योजना में संपत्ति कितने साल से खाली है और उस प्रोजेक्ट में कितनी संपत्तियां खाली हैं, इसके आधार पर 10%, 20% और 30% तक की सीधी छूट दी जा रही है।
7 महीने में ही 62.5% :-
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर 2021 से मार्च 2024 तक चली OTS-1 योजना में 2,591 संपत्तियां रखी गई थीं, पर केवल 506 संपत्तियां ही बिक पाई थीं। कुल 88.28 करोड़ का विक्रय हुआ था और सफलता दर मात्र 17.27% रही थी। जबकि OTS-2 ने 7 महीने में ही 62.5% का आंकड़ा पार कर पुरानी योजना को कहीं पीछे छोड़ दिया है।
कमिश्नर ने की समीक्षा, सख्त निर्देश:-
23 अक्टूबर को मंडल मुख्यालय में आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने OTS-2 की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शेष 997 संपत्तियों की बिक्री में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने साफ कहा – जहां लिफ्ट बंद है, उसे चालू करो। जहां मरम्मत बाकी है, तुरंत पूरी करो। पानी, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
‘आवास रथ’ शुरू:-
ग्राहकों को साइट दिखाने के लिए उन्होंने रायपुर, नवा रायपुर और दुर्ग में ‘आवास रथ’ शुरू करने के निर्देश भी दिए, ताकि इच्छुक खरीदार सीधे मौके पर जाकर संपत्ति देख सकें। साथ ही योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
कहां-कहां बाकी हैं संपत्तियां:-
मंडल के नवा रायपुर (कैपिटल प्रोजेक्ट), रायपुर जोन-03, रायपुर जोन-02, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, धमतरी, राजनांदगांव, रायगढ़, जशपुर, कोंडागांव, कोरिया, कोरबा और दंतेवाड़ा प्रोजेक्ट में अभी भी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियां उपलब्ध हैं।
छूट का यह सुनहरा मौका :-
डेडलाइन नोट कर लें: OTS-2 योजना की अवधि मार्च 2027 तक ही है। इसके बाद छूट का यह सुनहरा मौका खत्म हो जाएगा। इच्छुक नागरिक अपने नजदीकी मंडल कार्यालय से संपर्क कर कीमत और छूट की पूरी जानकारी ले सकते है




