किताबों से कारखाने तक…मैट्स के साइंस स्टूडेंट्स ने देखा…दूध से पैकेट तक का सफर…

रायपुर, 10 सितंबर । मैट्स यूनिवर्सिटी, रायपुर के स्कूल ऑफ साइंसेज द्वारा विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान से जोड़कर व्यावहारिक और औद्योगिक अनुभव देने के लिए वचन मिल्क प्लांट में औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण में बी.एससी. एवं एम.एससी. के 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के साथ विभाग के प्राध्यापक डॉ. शिशिर विंद शर्मा एवं डॉ. श्रद्धा वैष्णव उपस्थित रहे।
यह भ्रमण मैट्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया, कुलपति प्रो. डॉ. के. पी. यादव तथा कुलसचिव श्री गोकुलानंद पांडा के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन से आयोजित किया गया। स्कूल ऑफ साइंसेज के विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष सराफ ने इस प्रकार के उद्योगोन्मुखी अनुभव को विद्यार्थियों के करियर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दूध के संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण, फिल्ट्रेशन, पाश्चुरीकरण, होमोजेनाइजेशन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, भंडारण एवं वितरण की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, सैनिटेशन, कोल्ड-चेन और अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व को भी बारीकी से समझा।
विद्यार्थियों ने वचन मिल्क के तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद कर दूध की गुणवत्ता, माइक्रोबियल सुरक्षा और क्वालिटी एश्योरेंस से जुड़े सवाल पूछे। इस संवाद से उन्हें डेयरी उद्योग की जमीनी चुनौतियों और प्रोफेशनल जरूरतों को समझने में मदद मिली।
इस औद्योगिक भ्रमण ने विद्यार्थियों को बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, जूलॉजी जैसे विषयों के औद्योगिक अनुप्रयोग को समझने का अवसर दिया और डेयरी, फूड प्रोसेसिंग एवं बायोटेक सेक्टर में करियर की नई संभावनाओं से अवगत कराया।



