छत्तीसगढ़

छात्राओं को दिया…’सुरक्षित सफर’ का मंत्र…सही जवाब पर मिला हेलमेट का इनाम…

रायपुर, 10 सितंबर। शासकीय दूधाधारी बजरंग स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी में बुधवार को यातायात जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, रीजनल ऑफिस द्वारा अपने 80वें स्थापना दिवस के अवसर पर “सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक कदम” कार्यक्रम के तहत यातायात जागरूकता एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

हेलमेट की अनिवार्यता :-

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात रायपुर कमिश्नरेट की एसीपी ट्रैफिक श्रीमती सीमा अहिरवार उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट की अनिवार्यता और सुरक्षित वाहन चालन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सड़क सुरक्षा के नियम :-

इस जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, सड़क सुरक्षा के नियम और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका को लेकर जागरूक किया गया।

प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट :-

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामान्य ज्ञान एवं यातायात जागरूकता प्रतियोगिता रही, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सही उत्तर देने वाली प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप कंपनी की ओर से हेलमेट का वितरण किया गया।

सुरक्षित सफर और सुरक्षित समाज :-

इस अवसर पर विद्यार्थियों को “सुरक्षित व्यवहार, सुरक्षित सफर और सुरक्षित समाज” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में यातायात नियमों को दैनिक जीवन की जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की भावना विकसित करना था।

Related Articles

Back to top button