सरगुजा में कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज…49 ब्लॉक अध्यक्षों को मिल रहा जीत का मंत्र…

अंबिकापुर/सरगुजा। आगामी चुनावों को देखते हुए छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में सरगुजा संभाग स्तरीय ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर आज मंगलवार से होटल मयूरा में शुरू हो गया। 17 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय शिविर में सरगुजा संभाग के 6 जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉकों के ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत और प्रभारी प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदू ने दीप प्रज्वलित कर और कांग्रेस की महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। उद्घाटन सत्र में संभाग के सभी जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक भी मौजूद रहे।
बूथ तक जाने की तैयारी :-
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण के बाद ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों का यह प्रशिक्षण अगला पड़ाव है, जो आगे बूथ स्तर तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और उसे एक नई दिशा देने के लिए यह शिविर आयोजित किया गया है। कांग्रेस आगामी चुनावों की तैयारी में पूरी तरह जुट गई है।
पार्टी के जनाधार को बढ़ाए:-
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ऐसी इकाई तैयार कर रही है जो निरंतरता में पार्टी के जनाधार को बढ़ाए। उदयपुर अधिवेशन के संकल्प के अनुरूप पार्टी बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करने की दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम का संचालन मुख्य प्रशिक्षक युगल किशोर पांडे ने किया।
पहले दिन 5 सत्रों में मिले जीत के टिप्स :-
प्रशिक्षण के पहले दिन उद्घाटन के अलावा 5 विशेष सत्र आयोजित हुए।
टी.एस. सिंहदेव ने राजस्व व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत पर प्रशिक्षण दिया।
अमरजीत भगत ने खनिज संपदा की लूट और वनों के विनाश के मुद्दे पर कार्यकर्ताओं को जागरूक किया।
जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने आयोग की कार्यशैली और जनजातीय अधिकारों पर प्रकाश डाला।
पीसीसी प्रशिक्षक युगल किशोर पांडे ने संगठन सृजन अभियान के उद्देश्य और प्रशिक्षण की जरूरत बताई।
प्रशिक्षक अशोक चतुर्वेदी ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विचारधारा से अवगत कराया।
शिविर के दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव राजेश तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे।




