अब हेलमेट नहीं तो टेंशन नहीं…जशपुर पुलिस देगी उधार!…CM साय ने किया…देश की अनोखी ‘हेलमेट बैंक’ का शुभारंभ…

जशपुर, 04 नवंबर। सड़क हादसों में जा रही अनमोल जिंदगियों को बचाने के लिए जशपुर पुलिस ने वो कर दिखाया है, जो पूरे प्रदेश में मिसाल बनेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई अभिनव पहल ‘हेलमेट बैंक’ का आज रक्षित केंद्र, पुलिस लाइन जशपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फीता काटकर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने खुद नागरिकों को हेलमेट पहनाकर ‘हर हेड में हो हेलमेट’ के संकल्प को साकार किया। इस मौके पर उन्होंने गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होकर लौटे जशपुर के पुलिस मितानों से मुलाकात कर उनका हौसला भी बढ़ाया।
कार्यक्रम में सांसद रायगढ़ राधेश्याम राठिया, विधायक रायमुनी भगत, विधायक गोमती साय, सरगुजा IG दीपक कुमार झा, कमिश्नर नरेंद्र कुमार दुग्गा, कलेक्टर रोहित व्यास, DIG/SSP डॉ. लाल उमेद सिंह, ASP राकेश पाटनवार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
क्या है ये ‘हेलमेट बैंक’
ये सिर्फ हेलमेट बांटने की योजना नहीं, बल्कि सोच बदलने की मुहिम है।
इमरजेंसी में मिलेगा हेलमेट उधार:-
अगर किसी को अचानक कहीं जाना पड़ा और हेलमेट नहीं है, या जेब में हेलमेट खरीदने के पैसे नहीं हैं, तो जशपुर पुलिस फौरन ‘हेलमेट बैंक’ से उसे हेलमेट उधार देगी। ताकि वो बिना हेलमेट जान जोखिम में न डाले।
वापसी के साथ जनसेवा:-
जब व्यक्ति अपना खुद का हेलमेट खरीद लेगा, तो पुलिस वाला हेलमेट लौटाना होगा। साथ ही उसे पुलिस के साथ एक छोटी सी जागरूकता गतिविधि में शामिल होकर दूसरों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करना होगा।
चालान नहीं, सुधार:-
जशपुर पुलिस ने दिल जीतने वाला फैसला लिया है। बिना हेलमेट पकड़े जाने पर अब सीधा चालान नहीं होगा। अगर चालक नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद दिखा देता है, तो उसकी बाइक बिना चालान के छोड़ दी जा रही है।
गांव-गांव तक जाएगा संदेश-
पुलिस सिर्फ थाने में नहीं बैठी। हेलमेट रैली, स्कूल-कॉलेज, और साप्ताहिक बाजार-हाट में जाकर पुलिस की टीमें सड़क सुरक्षा के ‘सात वचनों’ का संकल्प दिला रही हैं – खुद हेलमेट पहनो, पीछे वाले को पहनाओ, स्पीड कंट्रोल, नशे में गाड़ी नहीं, मोबाइल से दूरी और ट्रैफिक नियमों का पालन।
DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा, “हमारा मकसद दंड देना नहीं, आदत बनाना है। हेलमेट पहनना चालान से बचने के लिए नहीं, अपनी जिंदगी बचाने के लिए होना चाहिए।”
जशपुर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है – दोपहिया चलाते समय खुद भी हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले को भी पहनाएं।



