छत्तीसगढ़

कृष्ण को टेढ़ा कहना पड़ा भारी…यादव एकता के आगे झुके धीरेंद्र शास्त्री…

रायपुर 3  नवंबर  । बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान के बाद यादव समाज में भारी आक्रोश है। छत्तीसगढ़ सर्व यादव समाज की चेतावनी के बाद यह मामला अब देशभर में फैल गया है और मध्यप्रदेश में FIR की मांग तक पहुंच गया है।

क्या है पूरा मामला :-

29 अक्टूबर को शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान शास्त्री ने कहा था –

“हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े। तुम्हारे ठाकुर का नाम भी टेढ़ा, चलना भी टेढ़ा और खड़े भी तीन जगह से टेढ़े होते हैं।” 

इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ब्रज क्षेत्र के संतों और यादव समाज ने विरोध जताया कि राम और कृष्ण में भेद करना गलत है। 

श्रीकृष्ण को ‘टेढ़ा’ बताने वाले इस बयान से यादव समाज ने इसे अपने आराध्य और कुलभूषण भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताया।

छत्तीसगढ़ से उठी आवाज बनी राष्ट्रीय आंदोलन :-

सबसे पहले छत्तीसगढ़ सर्व यादव समाज के प्रमुख रमेश यदु ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बयान पर सार्वजनिक माफी की मांग की और माफी न मांगने पर FIR और कड़े विरोध की चेतावनी दी।

रमेश के इस संदेश के बाद देखते ही देखते मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार से लेकर छत्तीसगढ़ तक यादव समाज सड़कों पर उतर आया। समाज का कहना है कि अब यादव समाज में वो एकता दिखने लगी है जो पहले दूसरे समाजों में देखी जाती थी।

मध्यप्रदेश में FIR की मांग:-

इसी कड़ी में सोमवार को यादव समाज संगठन, मप्र ने ग्वालियर SP कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं मप्र प्रभारी सुरेश सिंह यादव ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी से हिंदू समाज के एक बड़े वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और मूल वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

विवाद बढ़ा तो झुके शास्त्री:-

देशव्यापी विरोध के बाद धीरेंद्र शास्त्री के सुर बदल गए। उन्होंने वीडियो जारी कर सफाई दी और माफी मांगी।

बागेश्वर धाम के कथावाचक ने कहा कि विवाद के बाद उन्होंने सफाई देकर माफी मांग ली है और उनका उद्देश्य दोनों भगवानों में भेद करना नहीं था। उन्होंने कहा – “भगवान राम और श्रीकृष्ण एक ही हैं, दोनों में कोई अंतर नहीं है। किसी को ठेस पहुंची तो क्षमा मांगते हैं।” 

सियासत भी गरमाई – भूपेश बघेल का तंज

इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फेसबुक पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा –

“कोई तो केमिकल लोचा है। इनकी रेबीज वगैरह की जांच करवाना ठीक होगा।” 

उनके इस बयान के बाद विवाद और बढ़ गया है।

इस पूरे घटनाक्रम से एक बात साफ है कि यादव समाज अब अपने इष्ट देव भगवान श्रीकृष्ण के खिलाफ किसी भी अभद्र टिप्पणी को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। समाज का कहना है – जब-जब यादव कुलभूषण का अपमान होगा, यादव समाज सड़क से सदन तक एकजुट होकर लड़ेगा।

Related Articles

Back to top button