छत्तीसगढ़

एयरपोर्ट बना यादव एकता का गवाह…विधायक सचिन यादव का शाही स्वागत…राधे-राधे से गूंजा परिसर…

रायपुर 29 अक्टूबर ।  स्वामी विवेकानंद विमानतल में बुधवार को सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ ने एकता और संगठन की शक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान कसरावद विधायक सचिन यादव के ओडिशा प्रवास से लौटने पर समाज के पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं और राधे-राधे अंकित गमछा भेंट कर उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया।

सचिन यादव किसानों, गरीबों, मजदूरों और पिछड़े वर्गों के सशक्त आवाज रहे स्वर्गीय सुभाष यादव के पुत्र हैं। सुभाष यादव जी का सहकारिता और किसान हितों में योगदान अविस्मरणीय रहा है।

सक्रियता से मजबूत हो रहा है संगठन :-

इस भव्य स्वागत से एक बात साफ हो गई कि सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु कितने सक्रिय और ऊर्जावान हैं। उनके एक आह्वान पर पूरे प्रदेश से समाज के पदाधिकारी एयरपोर्ट पर एकजुट हुए। रमेश लगातार छत्तीसगढ़ में यादव समाज की स्थिति पर काम कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में यादव समाज ओबीसी वर्ग का एक बड़ा और मेहनतकश समुदाय है, जिसकी बड़ी आबादी कृषि, पशुपालन और मजदूरी से जुड़ी है। संख्या बल के बावजूद राजनीतिक भागीदारी, शिक्षा और सरकारी योजनाओं में हिस्सेदारी में समाज आज भी अपने हक से पीछे है। इन्हीं विसंगतियों को दूर करने के लिए रमेश के नेतृत्व में सर्व यादव समाज राज्य से लेकर केंद्र तक आरक्षण, जनगणना में हिस्सेदारी और सामाजिक हकों की लड़ाई लड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ में यादवों की अनदेखी :-

स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि “अब छत्तीसगढ़ में यादवों की अनदेखी नहीं होगी। इतने सालों तक जो हुआ सो हुआ, लेकिन अब यादव समाज अपना संख्या बल दिखाएगा। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों को यादव समाज को सम्मानजनक टिकट देना ही पड़ेगा।” उन्होंने विशेष रूप से यादव समाज की महिलाओं को राजनीति और संगठन में 50% भागीदारी दिलाने की योजना पर भी जोर दिया, जिसे सर्व समाज ने एक स्वर में समर्थन दिया।

युवाओं को आगे लाने पर दिया जोर:-

स्वागत से अभिभूत सचिन यादव ने कहा कि जब भी समाज के मुखिया रमेश यदु का आदेश होगा, वे छत्तीसगढ़ आने के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ में यादव समाज की एकजुटता की सराहना की और कहा कि संगठन को सशक्त बनाने के लिए युवाओं को आगे लाना और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना समय की मांग है। उल्लेखनीय है कि सचिन यादव इससे पहले रतनपुर में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल हो चुके हैं।

इस अवसर पर बालोद से आए युवा कलाकार अभिनव यादव ने स्वर्गीय सुभाष यादव की अपने हाथों से बनाई हुई पेंटिंग सचिन यादव को भेंट की, जिसकी सभी ने सराहना की।

यह रहे शामिल:-

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, पूर्व महासचिव मनोज यादव, जिला अध्यक्ष गजानंद यादव, आकाश यादव, राकेश यादव, शिव यादव, संजीत यादव, अभिषेक यादव, श्रीमती ललिता यादव, ईश्वरी यादव, तीजन यादव, कुमारी पूजा यादव, उमेश्वरी यादव, लोकेश्वरी यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे

Related Articles

Back to top button