कभी घाटे में था, आज ‘अ’ वर्ग में… दुर्ग के सहकारी बैंक ने कमाए 155 करोड़…

दुर्ग। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग की 111वीं वार्षिक साधारण सभा रविवार 28 सितंबर को स्वामी विवेकानंद हॉल, सांस्कृतिक भवन दुर्ग में बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सभा में बैंक से संबद्ध 402 सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों और गैर कृषि साख सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
‘अ’ वर्ग प्राप्त किया ;-
सभा की शुरुआत में अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक ने भारतीय रिजर्व बैंक एवं नाबार्ड के निर्धारित मापदण्डों के अनुसार अंकेक्षण में ‘अ’ वर्ग प्राप्त किया है, जो बैंक की वित्तीय मजबूती का प्रमाण है।
155.80 करोड़ रुपये का लाभ :-
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस.के. वर्मा ने वार्षिक लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि बैंक ने वर्ष 2025-26 में 155.80 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया है। सभी आवश्यक प्रावधान करने के बाद बैंक का शुद्ध लाभ 55.00 करोड़ रुपये रहा है। आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बैंक अपनी सदस्य समितियों को 12.74 करोड़ रुपये का लाभांश का भुगतान करेगा।
आमसभा में प्रमुख मांगे –
पवन जैन (अहिवारा):-
निवेश ऋण पर ब्याज दर 12% से घटाकर 3% की जाए, सभी समितियों में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सोलर पैनल लगाए जाएं, खाद गोदाम ऋण पर 50% अनुदान दिया जाए।
योगेन्द्र दिल्लीवार (दाउ ढाल सिंह साख):-
निवेश ऋण सीमा में वृद्धि और समिति को ब्याज पर 2% कमीशन दिया जाए। 10 वर्ष से अधिक कार्यरत दैनिक वेतन कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाए।
संजीव तिवारी (देवरबीजा):-
प्रबंधकीय शुल्क 2.50% से घटाकर 1.50% किया जाए और कालातीत ऋणों की वसूली के लिए विशेष प्रयास हो।
रऊफ कुरैशी (अल्पसंख्यक समिति):-
क्रेडिट समितियों को रियायती दर पर ऋण और फिक्स डिपॉजिट पर 1% अतिरिक्त ब्याज दिया जाए।
हरदेव लाल सार्वा (हल्दी):-
बीमा कमीशन की राशि समितियों को भी दी जाए और KCC चेकबुक 10 पन्ने से बढ़ाकर 25 पन्ने की जाए।
पोर्टल पंजीयन निरंतर जारी :-
नथमल कोठारी (चेचानमेटा), कृष्णा साहू (पीपरछेड़ी), पूरण सिंह राजपूत (घोठिया) सहित अन्य प्रतिनिधियों ने धान परिवहन समय पर करने, गोदाम अनुदान, धान सूखत लाभ, एग्रीस्टेक पोर्टल पंजीयन निरंतर जारी रखने और एकमुश्त समझौता योजना लागू करने की मांग रखी।
मांगों का त्वरित निराकरण :-
बैंक अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि बैंक स्तर की मांगों का त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा शासन स्तर की मांगों को शासन को प्रेषित किया जाएगा।
यह रहे उपस्थित :-
इस अवसर पर बैंक उपाध्यक्ष नरेश यदु, उप पंजीयक दुर्ग सतीश पाटले, उप संचालक कृषि संदीप भोई, बैंक अधिकारी एस.के. निवसरकर, हृदेश शर्मा, कुसुम ठाकुर, के.के. नायक, ए.एस. खान, एस.पी. वाहने, धीरेन्द्र देवांगन, आर.के. मोहनमाला, चन्द्रशेखर मानिकपुरी, विष्णु देवांगन सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे ।




