फ्री परामर्श, फ्री काउंसलिंग …GMC अंबिकापुर ने दिया नशा मुक्त जीवन का मंत्र…

अंबिकापुर, 28 सितम्बर। नशे को ना, जीवन को हाँ – इसी संदेश के साथ आज राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय, अंबिकापुर में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत द्वितीय सोमवार को नशा मुक्ति जन-जागरूकता एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. सी. आर्य के निर्देशन एवं सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. संटू बाघ की उपस्थिति में अस्पताल के पंजीयन कक्ष के समीप विशेष निःशुल्क नशा मुक्ति परामर्श OPD संचालित की गई।
विशेष काउंसलिंग की व्यवस्था :-
OPD में पहुंचे लोगों को नशा छोड़ने के वैज्ञानिक उपाय, दुष्परिणामों और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वहीं मानसिक रोग से पीड़ित मरीजों के लिए मानसिक स्वास्थ्य OPD में विशेष काउंसलिंग की व्यवस्था की गई।
कोटपा अधिनियम की दी गई जानकारी :-
कार्यक्रम के दौरान टीम ने बताया कि COTPA अधिनियम के तहत अस्पताल परिसर में तंबाकू, गुटखा, सिगरेट-बीड़ी एवं किसी भी प्रकार के धूम्रपान का सेवन दंडनीय अपराध है। लोगों को नशे से दूर रहकर योग, संतुलित आहार और सकारात्मक दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति एवं तंबाकू निषेध की शपथ भी दिलाई गई।
ये रहे मौजूद :-
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रभारी डीन डॉ. अविनाश मेश्राम, अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर. सी. आर्य, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी. आर. सिंह, सहायक अधीक्षक डॉ. जी. के. दामले, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. आभा एक्का सहित वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी, मरीजों के परिजन और बड़ी संख्या में चिकित्सा छात्र उपस्थित रहे ।





