कांग्रेस में गुटबाजी ? बैज बोले: सब एकजुट… लड़ाई सिर्फ सरकार लाने की है… 2028 में कांग्रेस का नया समीकरण…युवा जोश + महिला शक्ति…

रायपुर 15 नवंबर । छत्तीसगढ़ में 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज से खास मुलाकात के दौरान उन्होंने कांग्रेस की पूरी रणनीति, नए समीकरण और सरकार को घेरने के प्लान पर खुलकर बात की। बैज ने साफ कहा, इस बार कांग्रेस ने ठान लिया है कि प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बननी है, और इसके लिए बाकायदा कार्ययोजना बनाकर काम हो रहा है।
नीचे से मजबूत हो रहा संगठन:-
बैज ने बताया कि पार्टी को नीचे से मजबूत किया जा रहा है। हर जिले, हर ब्लॉक और हर बूथ पर लगातार बैठकें हो रही हैं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। उनकी नीति साफ है, जनता से जुड़ा हर मुद्दा उठाना है और सरकार को हर मोर्चे पर घेरना है। अब सिर्फ बयान नहीं देना है, सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़नी है।
युवा और महिलाओं पर दांव :-
इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस युवा और महिलाओं को पूरा मौका देगी। बैज ने कहा, नई ऊर्जा, नए चेहरे और नए जोश के साथ कांग्रेस मैदान में उतरेगी। इस बार नया समीकरण देखने को मिलेगा। ऊर्जा से भरी, युवा सोच वाली और महिलाओं की भागीदारी वाली कांग्रेस की सरकार दिखेगी।
गुटबाजी की खबरों को किया खारिज:-
कांग्रेस में गुटबाजी की खबरों पर बैज ने कहा, पार्टी में कहीं कोई गुटबाजी नहीं है। सारे नेता एकजुट हैं और सबका एक ही काम है, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार लानी है। नेताओं की एकजुटता प्रदेश में दिख रही है और आगे भी दिखेगी।
भाजपा सरकार पर तीखा हमला:-
बैज ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, कांग्रेस इतनी मजबूत खड़ी है कि भाजपा अपनी हर कार्ययोजना में फेल हो रही है। प्रदेश में अराजकता फैल गई है और इतना भ्रष्टाचार है, जिसे आम जनता अपनी आंखों से देख रही है।
किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा, सरकार धान भी समय पर नहीं खरीद पा रही है। धान खरीदी के दौरान कई तरह की त्रुटियां नजर आ रही हैं। किसान परेशान है। पटवारी हड़ताल पर हैं, आखिर काम कौन करेगा? प्रदेश में काम ठप पड़ा है। बेरोजगारी, महंगाई और बिजली को लेकर बैज ने आरोप लगाया कि युवा बेरोजगार घूम रहा है। माताओं-बहनों को प्रबंधन के नाम पर ठगा जा रहा है। आम जनता को सिर्फ लालच देकर उनसे कई तरीकों से वसूली की जा रही है। बिजली के माध्यम से महंगाई चरम पर है। हर चीज के भाव डबल-ट्रिपल हो गए हैं। डबल इंजन की सरकार सिर्फ नाम की है, प्रदेश में कहीं कोई विकास कार्य दिख नहीं रहा है।
मुख्यमंत्री बनने का कोई शौक नहीं:-
मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर बैज ने कहा, मैं केवल और केवल पार्टी का सिपाही हूं। मुझे मुख्यमंत्री बनने का कोई शौक नहीं है। पार्टी में मुख्यमंत्री को लेकर वरिष्ठ नेताओं में कोई दौड़ नहीं है। अगर किसी बात की दौड़ है तो वो ये है कि सरकार कैसे लानी है, विपक्ष को कैसे घेरना है और भ्रष्टाचार के मुद्दों को सड़कों पर कैसे लाना है। इन्हीं सब विषयों पर मंथन और चर्चा चलती रहती है।
अंत में उन्होंने संदेश दिया, कांग्रेस एकजुट है, संगठन मजबूत है, युवा और महिलाएं साथ हैं। आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ही सरकार रहेगी।



