छत्तीसगढ़

नियम डर से नहीं, जिम्मेदारी से मानो…ACP सीमा अहिरवार ने कहा…विकसित भारत की राह सड़क से शुरू होती है

रायपुर 30 सितंबर ।  डॉ. राधाबाई शासकीय कन्या महाविद्यालय में आज यातायात जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की लगभग 300 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

केवल कानून और नियम बना देने से :-

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ACP ट्रैफिक श्रीमती सीमा अहिरवार उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल ट्रैफिक पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्रीमती अहिरवार ने  यह भी कहा  कि “केवल कानून और नियम बना देने से कोई देश विकसित नहीं बनता। विकसित देश इसलिए विकसित हैं क्योंकि वहाँ के नागरिकों में नियमों के प्रति स्व-अनुशासन और सिविक सेंस है। वहाँ लोग यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी समझकर करते हैं।”

सकारात्मक बदलाव लाना होगा :-

उन्होंने जोर देकर कहा कि विकासशील से विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा सिर्फ अच्छी सड़कों, महंगी गाड़ियों और तकनीक से पूरी नहीं होगी, इसके लिए नागरिकों की सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना होगा।

छात्राओं को दिए 5 मंत्र:-

1. सड़क पर हमेशा लेन का पालन करें
2. पैदल यात्रियों को पहले रास्ता दें
3. दोपहिया पर हेलमेट और चार पहिया में सीट बेल्ट को अपनी आदत बनाएं
4. अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें
5. यातायात नियमों का पालन मजबूरी नहीं, जिम्मेदारी समझकर करें ।

सुरक्षित यातायात का संदेश:-

कार्यक्रम में मैत्री और आपसी सहयोग की भावना के साथ सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। इस सफल आयोजन में लायंस क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसके सहयोग से यातायात सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार का संदेश छात्राओं तक प्रभावी रूप से पहुँचा।

विकसित समाज तभी संभव:-

अंत में सभी छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नियमों का पालन करेंगी और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी, क्योंकि सुरक्षित सड़कें, अनुशासित नागरिक और विकसित समाज तभी संभव है जब हम नियमों को अपनी जिम्मेदारी मानेंगे।

Related Articles

Back to top button