राजनीती

शहीद पार्क से कांग्रेस सेवादल की हुंकार…भगत सिंह की राह पर लड़ेंगे..,ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे: -श्रीनिवास बीवी

नई दिल्ली / रायपुर 28 सितंबर । शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के मौके पर कांग्रेस सेवादल ने आज नई दिल्ली के शहीदी पार्क में क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

आगे बढ़ाने का संकल्प :-

सेवादल के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने शहीदी पार्क पहुंचकर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस मौके पर सेवादल ने भगत सिंह के विचारों – निर्भीकता, त्याग, समानता और राष्ट्रसेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

आयोग पर बड़ा हमला :-

कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि शहीद भगत सिंह भारत के युवाओं के साहस और संघर्ष के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा, “भगत सिंह ने औपनिवेशिक दमन के खिलाफ निर्भीकता से आवाज उठाई और 23 साल की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि देशभक्ति सिर्फ नारा नहीं, बल्कि न्याय और समानता के प्रति प्रतिबद्धता है।”
इस दौरान श्रीनिवास बीवी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला।

उन्होंने कहा – “भगत सिंह जी ने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी थी, उनसे प्रेरणा लेकर हम उसी तरह ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी लड़ेंगे और उनका इस्तीफा करवा कर रहेंगे। देश के सामने उनकी चोरी पकड़ी गई है और अब उनको कोई नहीं बचा पाएगा।”

अन्याय के खिलाफ :-

सेवादल ने कहा कि भगत सिंह को याद करना सिर्फ स्मारकों पर माला चढ़ाना नहीं है, बल्कि उनके सपनों के भारत – स्वतंत्रता, समानता, सामाजिक न्याय और हर नागरिक की गरिमा वाले भारत को साकार करना है। अंत में सेवादल ने युवाओं से भगत सिंह के लेखन और विचारों को पढ़ने और अन्याय के खिलाफ खड़े होने का आह्वान किया।

Back to top button