छत्तीसगढ़

ग्रेड पे नहीं तो काम बंद …रीढ़ की हड्डी ने दी चेतावनी… दीपावली तक न्याय नहीं तो…छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था ठप!

d0f72e5b-231f-4d05-9399-913a67336bc1

रायपुर, 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर्स का सब्र टूट रहा है। अपनी एक सूत्रीय मांग – ग्रेड पे वेतनमान पर बने प्रस्ताव को लागू करने को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। दीपावली तक मांग नहीं मानी तो 18 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा।

प्रदर्शन जारी रहेगा:-

आज एसोसिएशन ने अपने आंदोलन को तेज करते हुए कोरबा, अंबिकापुर और महासमुंद मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में 2 घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कल भी जारी रहेगा। इससे पहले 9, 10 और 11 सितंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर में भी 2-2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन हो चुका है, लेकिन शासन की ओर से अब तक कोई पहल नहीं हुई है।

सरकार के रवैये से नाराज :-

अगला मोर्चा बस्तर और दुर्ग संभाग में आने वाले सप्ताह में जगदलपुर, कांकेर और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेजों में भी सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

पहले ही दे दिया अल्टीमेटम :-

नियमों का पालन करते हुए एसोसिएशन ने 18 नवंबर के आंदोलन से 50 दिन पूर्व सूचना देने के लिए स्कूटी रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की अनुमति मांगी है। इस अनिश्चितकालीन आंदोलन में प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों के नियमित, संविदा और डेली वेजेस के समस्त नर्सिंग ऑफिसर्स शामिल होंगे।

क्या कहा अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने:-

“डॉक्टर को अस्पताल का मस्तिष्क कहा जाता है तो नर्स उसकी रीढ़ की हड्डी है। रीढ़ टूटेगी तो व्यवस्था कैसे चलेगी? शासन की भेदभावपूर्ण नीति न्यायसंगत नहीं है।”

लगातार तीसरी बार :-

एसोसिएशन ने याद दिलाया कि 2018 में नर्सेज संघ ने 18 दिनों का ऐतिहासिक प्रदेश स्तरीय आंदोलन किया था, जिसमें 2 दिन जेल में भी रहना पड़ा था। तब शासन ने मांगों पर अनुशंसा तो की, लेकिन जून 2021 में उसे ही अमान्य कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर पीजी स्टूडेंट्स का स्टाइपेंड 2019, 2023 और 2026 में लगातार तीसरी बार बढ़ा दिया गया है, जो सरकार के दोहरे मापदंड को दिखाता है।

पूरा नर्सिंग समुदाय अब न्याय के इंतजार में है और 18 नवंबर से आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

Related Articles

Back to top button