छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगा ग्लोबल पंख… 400 से ज्यादा ट्रैवल एजेंसियों ने मिलाया हाथ…रोजगार से लेकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस…

रायपुर, 27 सितंबर। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ ने अपनी पर्यटन ताकत दुनिया को दिखा दी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त बैनर तले नवा रायपुर के मेफेयर लेक व्यू रिसॉर्ट में ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट छत्तीसगढ़ मार्केट प्लेस-2026’ का भव्य आयोजन हुआ।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म :-
इस मेगा मार्केट प्लेस का एक ही मकसद था – छत्तीसगढ़ के जंगल, झरने, आदिवासी संस्कृति और इतिहास को सीधे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूरिज्म मार्केट से कनेक्ट करना। कार्यक्रम में दिल्ली, महाराष्ट्र, ओडिशा समेत पड़ोसी राज्यों और विदेशी टूर एजेंसियों के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स, होटलियर्स और होम-स्टे संचालकों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल रहे, अध्यक्षता पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की।
पर्यटन सिर्फ घूमना नहीं, रोजगार का इंजन :-
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावना है। हमारे पास बस्तर की जीवंत जनजातीय संस्कृति है, सरगुजा की हसीन वादियां हैं, चित्रकोट-तीरथगढ़ जैसे भारत के नियाग्रा हैं, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत है, राजिम की आस्था और भोरमदेव की स्थापत्य कला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार छत्तीसगढ़ को वर्ल्ड टूरिज्म मैप पर खास पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा फोकस सिर्फ टूरिस्ट बढ़ाना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सशक्त बनाना और आदिवासी समुदायों के लिए आजीविका के नए रास्ते खोलना है।
उन्होंने रायपुर में बन रही फिल्म सिटी, भोरमदेव कॉरिडोर और जशपुर के मयाली में हो रहे पर्यटन विकास का भी जिक्र किया।
AI से होगा टूरिज्म का प्रमोशन :-
पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने बताया कि दिल्ली, भुवनेश्वर, पुणे और चेन्नई में हुए रोड शो का बड़ा फायदा मिला है। अब तक 400 से अधिक ट्रैवल एजेंसियां छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल से जुड़ चुकी हैं।
वहीं MD सौमिल रंजन चौबे ने बताया कि अब डिजिटल तकनीक और AI से पर्यटन को नई दिशा दी जाएगी। प्रदेश में 82 लाभार्थियों के 280 से अधिक होम-स्टे रूम चिन्हित किए गए हैं, सिरपुर इंटीग्रेटेड प्लान और शक्तिपीठ कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है।
B2B मीटिंग में हुई बड़ी डील की बात :-
कार्यक्रम में B2B बैठक का दौर चला, जहां टूर ऑपरेटर्स ने नए टूर पैकेज बनाने और व्यावसायिक साझेदारी पर चर्चा की। मेले में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और धमतरी जिले ने भी अपने टूरिस्ट डेस्टिनेशन के स्टॉल लगाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान :-
समारोह में पर्यटन के क्षेत्र में बेस्ट काम करने वालों को 11 हजार रुपये, मोमेंटो और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
किसे क्या मिला :-
• बेस्ट टूरिज्म डिस्ट्रिक्ट: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
• बेस्ट इको टूरिज्म साइट: तक्षक भोरमदेव
• बेस्ट होटल: एम्बिशन जगदलपुर
• बेस्ट टूर ऑपरेटर: डी. रमेश कैंप वन्स
• बेस्ट टूरिज्म स्टार्टअप: हेरिटेज वाला – शिवम त्रिवेदी
• बेस्ट एडवेंचर टूर ऑपरेटर: ट्रिपी हिल्स जशपुर – सौरभ सिंह
• बेस्ट होम-स्टे: धुरवा डेरा – मानसिंह
• बेस्ट इन्फ्लुएंसर: अनुपम सिन्हा
इस दौरान मंत्री अग्रवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के पुरातात्विक स्थलों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।




