चालान का झंझट खत्म…अब एक स्कैन में होगा सारा काम…पेट्रोल पंप से बैंक तक चिपकेगा QR कोड…

रायपुर, 25 नवंबर। अब रायपुर में ई-चालान की जानकारी और भुगतान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने ऐसी सुविधा शुरू की है, जिससे सिर्फ एक QR कोड स्कैन करते ही आपके वाहन पर लगे चालान की पूरी जानकारी मोबाइल पर आ जाएगी और भुगतान भी वहीं से हो जाएगा।
लगातार ई-चालान की कार्रवाई :-
शहर में ITMS कैमरों और यातायात पुलिस की ओर से लगातार ई-चालान की कार्रवाई हो रही है। चालान कटने पर SMS भी आता है, फिर भी कई लोगों को पता ही नहीं चलता कि उन पर चालान है या भुगतान कैसे करना है। इसी वजह से हजारों चालान लंबित पड़े थे। इसी परेशानी को खत्म करने के लिए यह नई पहल शुरू की गई है।
थानों में QR कोड :-
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में शहर के सभी यातायात थानों के माध्यम से QR कोड को घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। शासकीय कार्यालयों, पेट्रोल पंपों, ऑटो डीलर्स, बैंकों और थाना भवनों पर QR कोड चस्पा किए जा रहे हैं, ताकि जहां जाओ वहीं चालान की जानकारी मिल जाए।
इससे वाहन मालिकों को बार-बार यातायात कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। लंबित चालान का समय पर निपटारा होगा और लोग नियमों के प्रति ज्यादा जागरूक होंगे।

सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ :-
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन के ई-चालान की जानकारी नियमित रूप से लें और समय पर भुगतान करें। QR कोड की सुविधा का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाकर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
ई-चालान चेक और भुगतान के लिए आधिकारिक वेबसाइट: echallan.parivahan.nic.in




