छत्तीसगढ़

पूर्व विधायक की हुंकार रंग लाई…धान खरीदी में अवैध वसूली पर लगी रोक…

महासमुंद 21 नवंबर । किसानों के संघर्ष को बड़ी जीत मिली है। अब धान खरीदी केंद्रों में बोरा भराई और तौलाई के नाम पर किसानों से पैसा नहीं लिया जाएगा। शासन ने इसको लेकर सख्त आदेश जारी कर दिया है।

लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण :-

पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने लगातार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में सामने आया था कि कई केंद्रों में बोरा भराई और तौलाई के नाम पर किसानों से 3 से 4 रुपये वसूले जा रहे हैं।

चंद्राकर ने किसानों से साफ कहा था कि इस नाम पर किसी को पैसा नहीं देना है। व्यवस्था नहीं सुधरी तो किसान हित में उग्र आंदोलन किया जाएगा।

आदेश में समितियों को निर्देश :-

इसी चेतावनी और किसानों की जागरूकता का असर हुआ। उपायुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं जिला महासमुंद ने आदेश क्रमांक 1160 दिनांक 19 नवंबर 2026 जारी किया है। आदेश में समस्त समितियों को निर्देश दिया गया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी में किसानों से बोरा भराई एवं बोरा तौलाई के लिए समिति और हमालों द्वारा पैसा नहीं लिया जाए।

आदेश में यह भी साफ लिखा है कि बोरा भराई और तौलाई के लिए शासन द्वारा समितियों को राशि दी जाती है, इसलिए किसानों से अलग से मांग करना अनुचित है।

पैसा नहीं देना है :-

चंद्राकर ने कहा कि यह जीत किसानों की जागरूकता की जीत है। उन्होंने अपील की है कि किसी भी समिति में किसानों को इस काम के लिए पैसा नहीं देना है और साथ में मजदूर ले जाने की भी जरूरत नहीं है, क्योंकि भराई और तौलाई का काम समितियों का है।

आदेश आने पर किसानों ने चंद्राकर का आभार व्यक्त किया। आभार व्यक्त करने वालों में हुलास गिरी, परमेश्वर साहू, परमानंद साहू, किसन देवांगन, राजू यादव, संतोष चंद्राकर, गंगा धीवर, प्रहलाद ध्रुव सहित अनेक किसान शामिल है

Related Articles

Back to top button