छत्तीसगढ़

ग्रेड पे नहीं तो काम नहीं… सरकार को नर्सों का अल्टीमेटम… अस्पतालों में मचेगा हड़कंप…नर्सों का महाआंदोलन…

रायपुर, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ की नर्सों ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के बैनर तले चिकित्सा शिक्षा विभाग में काम कर रही सभी नियमित, संविदा और डेली वेजेस स्टाफ नर्सें कल 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जा रही हैं।

नर्सें धरने पर :-

यह आंदोलन एक-दो जगह नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों के कैंपस में एक साथ होगा। रोज सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नर्सें धरने पर बैठेंगी।

नियमितीकरण की भी मांग :-

संघ की 9 सूत्रीय मांगों में सबसे बड़ी मांग है, 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट को तुरंत लागू करना। साथ ही संविदा, डेली वेजेस और NHM स्टाफ के नियमितीकरण की भी मांग है।

आश्वासन संतोषजनक नहीं :-

रायपुर और राजनांदगांव के पदाधिकारियों ने आज फिर से माननीय स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की सूचना दे दी है। अधिकारियों की ओर से कहा गया कि 2018 की कमेटी की सिफारिशों पर काम चल रहा है, लेकिन संघ के पदाधिकारियों को यह आश्वासन संतोषजनक नहीं लगा।

मुख्यमंत्री का घेराव :-

इसीलिए अब आंदोलन टलने वाला नहीं है। संघ ने साफ कर दिया है कि अगर 2 से 3 दिनों में ग्रेड पे का आदेश जारी नहीं हुआ, तो संचालक स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में कार्यरत समस्त नर्सिंग संवर्ग शनिवार 21 नवंबर को नया रायपुर धरना प्रदर्शन स्थल में जुटेगा और मुख्यमंत्री का घेराव करेगा। यह घोषणा संचालक स्वास्थ्य सेवाओं के सदस्यों ने प्रेस वार्ता में की।

नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने कहा कि 18 नवंबर से छत्तीसगढ़ की नर्सें आंदोलन पर! ग्रेड पे का आदेश नहीं आया तो 21 नवंबर को नया रायपुर में CM का घेराव होगा।

Related Articles

Back to top button