किसानों को परेशानी हुई तो खैर नहीं…मंत्री केदार कश्यप ने…अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी…

रायपुर 18 नवंबर । सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को धान खरीदी की समीक्षा बैठक में साफ कह दिया, किसानों को अपनी उपज बेचने में जरा भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी केंद्रों पर हर बुनियादी सुविधा पूरी रहनी चाहिए, इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
व्यवस्था चाक-चौबंद :-
मंत्री ने कहा, धान खरीदी किसानों की मेहनत से जुड़ा काम है। अन्नदाताओं की मेहनत के कारण ही छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। इसलिए हर केंद्र पर व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।
भंडारण की सुरक्षा पुख्ता :-
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और स्टैकिंग की पूरी व्यवस्था हो। धान का शॉर्टेज न हो, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जाए और भंडारण की सुरक्षा पुख्ता की जाए।
तुंहर टोकन’ ऐप :-
पारदर्शिता के लिए बायोमेट्रिक आधारित उपार्जन प्रणाली लागू की गई है। किसान ‘तुंहर टोकन’ ऐप से कभी भी आसानी से टोकन काट सकते हैं। प्रदेश में सहकारी समितियों के करीब 3100 उपार्जन केंद्रों को सॉफ्टवेयर से जोड़ा गया है।
केंद्रों को सॉफ्टवेयर से जोड़ा :-
मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकृत किसानों से ही निर्धारित गुणवत्ता का धान खरीदा जाए। अल्पकालीन कृषि ऋण का इंद्राज कंप्यूटर में हो और लिंकिंग योजना के तहत ऋण वसूली नियमानुसार की जाए। समय पर भुगतान के लिए सहकारी बैंकों में पर्याप्त नकद तरलता बनाए रखी जाए।
कम धान बेचने पर भी पूरा बोनस :-
इस बार सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता दी जा रही है। यह राशि सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर मिलेगी।
क्विंटल प्रति एकड़ :-
सबसे बड़ी राहत यह है कि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने पर भी पूरा बोनस मिलेगा। यानी एक एकड़ वाले किसान ने अगर सिर्फ 15 क्विंटल या उससे कम धान भी बेचा, तब भी उसे पूरे 13,839 रुपये मिलेंगे। इससे कम पैदावार वाले इलाकों, छोटे किसानों और जनजातीय अंचलों के किसानों को सीधा फायदा होगा।




