उपस्थित छात्रों को बताया अनुपस्थित…6-6 विषयों में ATKT…IGKV की लापरवाही…ABVP का ज्ञापन…अब होगा फ्री में पुनर्मूल्यांकन…

रायपुर । इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), का परीक्षा परिणाम विवादों में घिर गया है। हाल ही में घोषित परिणामों में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आज कुलपति को ज्ञापन सौंपा।
कई छात्रों को अनुपस्थित दिखाया :-
मामला सबसे ज्यादा चौंकाने वाला कांकेर कृषि महाविद्यालय का है, जहाँ 107 में से 100 विद्यार्थियों को एक साथ अनुत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। छात्रों का आरोप है कि परीक्षा में उपस्थित रहने के बावजूद कई छात्रों को अनुपस्थित दिखाया गया, और एक साथ 6 से 8 विषयों में ATKT/Back दे दी गई। ABVP का कहना है कि यह सिर्फ एक कॉलेज का मामला नहीं है, बल्कि प्रदेश के अन्य कृषि महाविद्यालयों से भी ऐसी ही शिकायतें आ रही हैं।
ABVP की 4 प्रमुख मांगें थीं :-
1. उपस्थित छात्रों को अनुपस्थित दिखाने के रिकॉर्ड की तत्काल जांच और सुधार
2. प्रभावित छात्रों की उत्तर-पुस्तिकाओं का निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन
3. जाँची गई उत्तर-पुस्तिकाओं की छायाप्रति उपलब्ध कराना
4. मूल्यांकन में लापरवाही बरतने वाले परीक्षकों और मूल्यांकन केंद्रों पर कार्रवाई और पुनर्मूल्यांकन की सीमा बढ़ाना
कुलपति से वार्ता के बाद बनी सहमति :-
ABVP प्रतिनिधिमंडल की कुलपति से हुई चर्चा के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों के हित में 3 बड़े फैसले लिए हैं, जिसका औपचारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है:
1. निःशुल्क पुनर्मूल्यांकन होगा
2. पुनर्मूल्यांकन की सीमा 2 विषय से बढ़ाकर 4 विषय की गई
3. छात्र अब अपने अभिभावकों के साथ विश्वविद्यालय आकर अपनी उत्तर-पुस्तिका देख सकेंगे ।
107 में से 100 छात्रों हुए फेल :-
इस अवसर पर अभाविप छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने ने कहा, “IGKV के परिणामों में गंभीर त्रुटियां हैं। कांकेर में 107 में से 100 छात्रों के फेल होने पर हमने पहले आंदोलन किया था, उसके बाद अन्य कॉलेजों के छात्रों ने भी संपर्क किया। आज कुलपति को ज्ञापन सौंपकर हमने छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की है।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सह मंत्री प्रथम राव फुटाने, IGKV इकाई अध्यक्ष एवं जिला संयोजक शिवम योगी, भाग मंत्री प्रेम साहू, राहुल शर्मा, सिद्धार्थ सिंह एवं मानसी यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।



