छत्तीसगढ़

अंबिकापुर बैंक में भूतिया नौकरी…कागजों पर खत्म…कुर्सी पर जिंदा…. कहानी सुनकर उड़ जाएंगे होश…फाइलों में ऐसा जादू…. संयुक्त आयुक्त ने मांगा जवाब…

रायपुर/अंबिकापुर 28 नवंबर। कागजों पर इस्तीफा मंजूर हो गया। कर्मचारी कार्यमुक्त भी हो गई। प्रभार भी दूसरे को सौंप दिया गया। लेकिन फाइलों में ऐसा खेल चला कि वही कर्मचारी फिर से नौकरी में आ गई, उसे नई शाखा में पदस्थापना मिल गई और कुछ महीने बाद उसका ट्रांसफर भी हो गया।

जांच प्रतिवेदन में यह पूरा खेल :-

यह कहानी किसी फिल्म की नहीं, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर की है। जांच प्रतिवेदन में यह पूरा खेल सिलसिलेवार पकड़ में आया है। अब संयुक्त आयुक्त सहकारिता सरगुजा संभाग ने बैंक प्रबंधन से जवाब तलब किया है।

क्या है पूरा मामला ?

शिकायतकर्ता अधिवक्ता जयदीप वर्मा, जिला एवं सत्र न्यायालय कोरिया ने शिकायत की थी कि बैंक की कर्मचारी श्रीमती पद्मिनी जैन का इस्तीफा 20.03.2021 को बैंक बोर्ड के अनुमोदन के साथ तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी के आदेश क्र. 2078 से विधिवत स्वीकार कर लिया गया था। उसी दिन से उनका सेवा संबंध बैंक से समाप्त हो चुका था। इसके बाद भी 08.09.2021 को तत्कालीन सीईओ के आदेश क्र. 1168 से उनका स्थानांतरण आदेश जारी कर दिया गया।

शिकायत में इसे सेवा नियमों और विधिक सिद्धांतों का घोर उल्लंघन और अधिकार क्षेत्र से परे की कार्रवाई बताया गया।

टाइमलाइन जो सब कुछ कह देती है :-

•  30.06.2020: श्रीमती पद्मिनी जैन की प्रथम नियुक्ति, बैकुंठपुर शाखा में लिपिक के पद पर

•  08.07.2020: बैकुंठपुर में कार्यभार ग्रहण

•  10.02.2021: महज 7 माह की सेवा के बाद सेवा मुक्त होने के लिए सीईओ को मेल से पत्र

•  20.03.2021: जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम 1982 के नियम 62(3) के तहत त्यागपत्र स्वीकृत, आदेश क्र. 2078

•  31.03.2021: शाखा प्रबंधक श्री अरविन्द श्रीवास्तव को समस्त प्रभार सौंपकर कार्यमुक्त

•  27.05.2021: पुनः सेवा में बहाल करने के लिए आवेदन

•  14.06.2021: आदेश क्र. 594 से पुनः लिपिक पद पर सेवा में लिया गया, शाखा चरचा में पदस्थापना

•  08.09.2021: आदेश क्र. 1168 से चरचा से मनेन्द्रगढ़ स्थानांतरण

जांच में क्या क्या पकड़ में आया :-

जांच अधिकारी किरण भगत और सैनाथ केरकेट्टा, वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक ने दस्तावेजों की जांच के बाद प्रतिवेदन में साफ लिखा है।

त्यागपत्र स्वीकृति के बाद कर्मचारी को सेवा में अनधिकृत रूप से रखा गया और बैंक द्वारा वेतन भत्तों का भुगतान भी किया जाता रहा।

सबसे बड़ा सवाल संचालक मंडल की बैठक पर है। प्रतिवेदन के अनुसार 10.06.2021 की बैठक के कार्यवाही विवरण में न तो संचालक मंडल और न ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी के हस्ताक्षर अथवा अनुमोदन प्राप्त हुए हैं। ऐसे में उक्त कार्यवाही विवरण से संचालक मंडल की बैठक में पारित निर्णय प्रमाणित नहीं होता।

और तो और, उक्त दिनांक के पश्चात संचालक मंडल की बैठक आयोजित ही नहीं हुई, फिर भी पुनः सेवा में लेने का आदेश जारी हो गया।

जांच प्रतिवेदन के निष्कर्ष में लिखा गया है। त्यागपत्र स्वीकृति उपरांत उक्त कर्मचारी को सेवा में पुनः रखे जाने के लिए तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्थापना कक्ष प्रभारी, कक्ष सहायक समान रूप से जिम्मेदार हैं।

संयुक्त आयुक्त ने दी सख्त चेतावनी :-

इस मामले में संयुक्त आयुक्त सहकारिता एवं संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएं सरगुजा संभाग अंबिकापुर ने 16.02.2026 को पत्र क्र. 133 जारी कर बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से स्थापना कक्ष से संबंधित जानकारी मांगी थी।

पत्र में साफ लिखा है। जानकारी आज दिनांक तक उपलब्ध नहीं कराई गई है। स्थापना कक्ष प्रभारी का नाम एवं पदनाम से अवगत करावें, जिससे छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 56 के तहत आवश्यक कार्यवाही की जा सके।संबंधित नस्ती अवलोकन हेतु विशेष वाहक के द्वारा दिनांक 20.02.2026 को प्रस्तुत किया जाना सुनिश्चित करें।

संबंधित पर कार्यवाही करता है :-

वहीं इस मामले  में संयुक्त आयुक्त सुनील तिवारी ने कहा की जिस विभाग का मामला होता है  । वही के अधिकारी संबंधित पर कार्यवाही करता है अगर कोई पत्र जारी किया गया है तो उसे संज्ञान में लिया जाएगा।

तत्कालीन सीईओ का पक्ष :-

इस मामले में तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील सोढ़ी का कहना है कि पद्मिनी जैन  कि नौकरी अनुकंपा नियुक्ति में लगी थी  ।  उन्होंने  दुसरा विवाह करने के लिए इस्तीफा दिया था। इस्तीफा स्वीकार भी किया गया। किसी कारणवश विवाह नहीं हो पाया, इसलिए उन्होंने पुनः नौकरी के लिए आवेदन दिया। तत्पश्चात   इस मामले को नियमों के तहत  स्टाफ कमेटी में रखा गया, स्टाफ कमेटी ने भी स्वीकृति प्रदान की। इस संबंध में तत्कालीन कलेक्टर को भी मामले से अवगत कराया गया था, जिसमें प्रकरण को स्वीकृत किया गया था।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है :-

अगर स्टाफ कमेटी की स्वीकृति थी, अगर कलेक्टर को जानकारी थी, तो जांच में वो दस्तावेज कहां गए? जांच प्रतिवेदन में उस पत्र का उल्लेख क्यों नहीं किया गया?

और जब इस्तीफा मंजूर हो चुका था, कर्मचारी कार्यमुक्त हो चुकी थी, तो उसे दोबारा नौकरी में किस नियम से लिया गया? और जब वो बैंक की कर्मचारी ही नहीं थी, तो उसका ट्रांसफर किस अधिकार से हुआ?

जांच प्रतिवेदन में सीधे कार्रवाई के लिए लिखा गया है। इस प्रकरण में दो तत्कालीन अधिकारी जिम्मेदार हैं। लेकिन कागजों के खेल में आज तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।

मामला गंभीर है। अगर जांच में लीपापोती की गई और अफसरों को बचाया गया, तो आगे लोगों का शासन प्रशासन के अफसरों पर विश्वास बैठा पाना मुश्किल होगा। आखिर जांच अधिकारी के स्पष्ट उल्लेख के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं? आखिर कौन इन दो लोगों को बचा रहा है? क्या तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी को फंसाया जा रहा है, या पद्मिनी जैन को बचाया जा रहा है?

Related Articles

Back to top button