किताब से बाहर…लैब के अंदर… मैट्स के छात्रों ने छूकर समझा 5G का पावर

रायपुर 27 नवंबर । स्कूल ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (एमएसआईटी), मैट्स विश्वविद्यालय के बीसीए एवं एमसीए विद्यार्थियों ने एनआईटी रायपुर की 5G लैब का शैक्षणिक भ्रमण किया। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के समन्वय से आयोजित इस भ्रमण में छात्रों ने 5G तकनीक को किताबों से बाहर निकलकर प्रत्यक्ष रूप से समझा।
भ्रमण के दौरान छात्रों को 5G के नेटवर्क आर्किटेक्चर, तेज डेटा ट्रांसमिशन, लो लेटेंसी और एक साथ हजारों डिवाइस जोड़ने की क्षमता के बारे में बताया गया। लैब में लगे उपकरणों और प्रदर्शनों के जरिए उन्हें आईओटी, स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक स्वचालन में 5G के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी मिली।
इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु, टीएनपी सेल के श्री श्रीकांत, संकाय सदस्य श्री पीयूष जैन एवं सुश्री आरिफा खान छात्रों के साथ मौजूद रहे।
डॉ. अभिषेक गुरु ने कहा कि ऐसे भ्रमण कक्षा के ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ते हैं। छात्रों को 5G जैसी उभरती तकनीकों से अपडेट रहना होगा और उद्योग की जरूरत के हिसाब से कौशल विकसित करना होगा।
टीएनपी सेल के श्री श्रीकांत ने कहा कि नई तकनीकों की जानकारी ही छात्रों के करियर के अवसर बढ़ाती है और उन्हें प्रतिस्पर्धी रोजगार जगत के लिए तैयार करती है।
छात्रों ने पूरे भ्रमण में उत्साह के साथ विशेषज्ञों से सवाल पूछे और एनआईटी रायपुर के प्रति आभार जताते हुए भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।




