कोसा सिल्क से बदलेगी क़िस्मत…ब्रांड मालकिन बनेंगी 300 महिलाएं

धमतरी, 25 नवंबर । ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए धमतरी में ‘स्त्री’ परियोजना का शुभारंभ हो गया। भारत सरकार के DSIR द्वारा प्रायोजित 89.97 लाख की इस परियोजना को NIT रायपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप जिला प्रशासन धमतरी के सहयोग से चलाएगा।
बाजार में बिकने वाले ब्रांड :-
अगले 36 महीनों में 300 ग्रामीण महिलाओं को कोसा सिल्क प्रसंस्करण, आधुनिक बुनाई, उत्पाद विकास और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्देश्य है कि महिलाएं पारंपरिक कोसा सिल्क और कृषि अपशिष्ट शिल्प को बाजार में बिकने वाले ब्रांड में बदल सकें।
AI के इस्तेमाल की ट्रेनिंग:-
उद्घाटन पर एक दिवसीय उद्यमिता कार्यशाला भी हुई, जिसमें महिलाओं को ई-कॉमर्स, उत्पाद डिजाइन, फोटो संवर्धन और डिजिटल विज्ञापन में AI के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई।
राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म से जोड़ा :-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ और ग्रामीण स्टार्टअप के विजन से जुड़ा बताया। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शासकीय पॉलिटेक्निक रुद्री स्थित ‘स्त्री’ स्किल सैटेलाइट सेंटर से महिलाओं को GeM और ONDC जैसे राष्ट्रीय प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा।
महिलाओं को दैनिक मजदूरी :-
NIT रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव और परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. अनुज कुमार शुक्ला ने बताया कि मोटराइज्ड रीलिंग, इलेक्ट्रॉनिक जैक्वार्ड लूम और AI डिजाइन से महिलाओं को दैनिक मजदूरी वाली बुनकर से स्टार्टअप उद्यमी बनाया जाएगा।




