छत्तीसगढ़

70% फसल बर्बाद…नुकसान दिखाया जीरो…सिंहदेव ने साय सरकार को घेरा…बोले बीमा कंपनियों के दबाव में हो रहा खेल… CM को लिखा पत्र…

रायपुर 23 नवंबर  । चक्रवाती तूफान अक्वान से बर्बाद हुई फसल को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर किसानों के नुकसान का सही आकलन कराने और तुरंत मुआवजा दिलाने की मांग की है। 23 नवंबर 2026 को लिखे इस पत्र में सिंहदेव ने सर्वे के आदेश के लिए CM को धन्यवाद भी दिया है, लेकिन सर्वे की प्रक्रिया पर ही बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

पत्र में कहा गया है कि 18 नवंबर और उसके बाद दो तीन दिन तक आए तूफान और बेमौसम बारिश ने धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। खेतों में खड़ी फसल के साथ कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में गिसाई के लिए रखे गए धान भी भीगकर खराब हो गए। प्रदेश के अधिकांश किसानों के परिवारों के लिए साल भर की जीविका का यही एकमात्र आधार है, इसलिए किसान गंभीर आर्थिक संकट में हैं।

सिंहदेव के 4 बड़े आरोप और मांगें :-

1. 70% फसल प्रभावित, फिर नुकसान जीरो कैसे:-

पत्र के मुताबिक तूफान आने तक धान की सिर्फ 30% कटाई गिसाई हो पाई थी। करीब 70% खड़ी फसल सीधे तौर पर प्रभावित हुई। सिंहदेव का आरोप है कि किसानों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग नुकसान को शून्य दर्शा रहा है, जो वास्तविक नहीं है। उन्होंने आशंका जताई है कि बीमा कंपनियों के दबाव में ऐसा किया जा रहा है। मांग है कि निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए।

2. धान खरीदी की तारीख बढ़ाओ:-

सिंहदेव ने लिखा है कि पटवारी हड़ताल, उपार्जन केंद्रों के फड़ गीले होने और क्रय नीति के तहत सिर्फ 17% तक नमी वाले धान की खरीदी की बाध्यता के कारण खरीदी का काम बाधित है। इसके अलावा एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे में हुई त्रुटियों के कारण आने वाले पखवाड़े में भी खरीदी प्रभावित रहेगी। इसलिए किसानों के हित में धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी तक की जाए।

3. सब्जी किसानों को भी मिले मुआवजा:-

तूफान से सिर्फ धान नहीं, सब्जी की खेती करने वाले किसान भी बर्बाद हुए हैं। टमाटर, गोभी वर्गीय सब्जियों, खीरा और लौकी जैसी उद्यानिकी फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। शासन से इसका शीघ्र मूल्यांकन और जांच कर उद्यानिकी कृषकों को भी मुआवजा देने की मांग की गई है।

4. बीमा क्लेम उत्पादन मूल्य तक दिलाओ:-

पत्र में कहा गया है कि सरकार जिस तरह फसल बीमा को प्रोत्साहित करती है, उसी तरह किसानों को बीमा क्लेम दिलाने में भी सहयोग की अपेक्षा है। आरोप है कि अनेक जिलों में निजी फसल बीमा कंपनियों के दबाव में संपूर्ण कृषि भूमि को असिंचित रकबा मानकर बीमा किया गया है। अब शासन स्तर पर तुरंत पहल करते हुए बिना किसी दबाव के किसानों को उनके उत्पादन मूल्य तक का बीमा क्लेम दिलाया जाए।

पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति:-

अंत में सिंहदेव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निर्देशित कर प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुई क्षति का वास्तविक आकलन सुनिश्चित करने, पीड़ित किसानों को क्षतिपूर्ति देने और धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग की है। अब सबकी नजर शासन के अगले कदम पर टिकी है

Related Articles

Back to top button