9 महीने का काम अधूरा…दो ठेकेदारों पर गिरी गाज…मंडल ने चलाया हंटर…दो एजेंसियां ब्लैकलिस्ट

रायपुर, 26 नवंबर। शासकीय निर्माण में लापरवाही बरतने वालों पर अब सीधी कार्रवाई होगी। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कोरबा जिले में स्वास्थ्य केंद्रों के आवासीय भवन अधूरे छोड़ने पर दो ठेकेदार एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
ब्लैकलिस्ट हुई एजेंसियों में मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर, ब वर्ग ठेकेदार (CGeR12820) और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स, द वर्ग ठेकेदार (CGeR20160) शामिल हैं।
ठेकेदारों की लापरवाही:-
मामला कोरबा जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजना (कटघोरा), उतरदा (पाली) और पसान (पोड़ी उपरोड़ा) में आवासीय भवन का निर्माण 9 महीने में पूरा करना था। अनुबंध के बाद भी काम की रफ्तार बेहद धीमी रही और ठेकेदारों की लापरवाही से निर्माण अटक गया।
कारण बताओ नोटिस :-
मंडल ने पहले दोनों एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला और काम के प्रति उदासीनता सामने आई। इसके बाद नियमानुसार ब्लैकलिस्ट का आदेश जारी कर दिया गया।
आम नागरिकों की सुविधा:-
इस कार्रवाई पर मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि शासकीय निर्माण सीधे आम नागरिकों की सुविधा और जनहित से जुड़े होते हैं। इनमें लापरवाही, अनावश्यक देरी या गुणवत्ता से समझौता बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। हर एजेंसी को अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए समय पर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करना होगा।
गुणवत्ता और अनुबंध :-
वहीं आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन ही प्राथमिकता है। ठेकेदारों को समय सीमा, गुणवत्ता और अनुबंध की शर्तों का पालन करना ही होगा। लापरवाही बरतने वालों पर आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है


