छत्तीसगढ़ का जीराफूल अब खाएगी दुनिया…स्पेन में खुला ग्लोबल बाजार

रायपुर, 26 नवंबर । धान के कटोरे छत्तीसगढ़ की खुशबू अब दुनिया तक पहुंचेगी। स्पेन के बार्सिलोना में छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल को ग्लोबल ब्रांड बनाने पर बड़ी डील हुई है।
बार्सिलोना के सीईओ से मुलाकात :-
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकार्ड जेप्टरो से मुलाकात की। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, संचालक कृषि राहुल देव और काउंसल जनरल ऑफ इंडिया आर्स निसार मौजूद रहे।
बैठक में तय हुआ कि जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के जरिए यूरोपीय बाजार तक पहुंचाया जाएगा। जीराफूल और नगरी दुबराज को पहले ही जीआई टैग मिल चुका है।
विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने :-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत 2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। इस पहल से किसानों, एफपीओ और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।




