आस्था की स्पेशल ट्रेन…1000 श्रद्धालु गंगा सागर धाम के लिए रवाना…जयकारों से गूंजा रायपुर स्टेशन…

रायपुर, 18 सितंबर। त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति द्वारा आयोजित गंगा सागर तीर्थ यात्रा के लिए आज श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। दोपहर 1 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से लगभग 1000 श्रद्धालुओं का जत्था विशेष तीर्थ ट्रेन से गंगा सागर धाम के लिए रवाना हुआ।
श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित :-
यात्रा का शुभारंभ छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ के अध्यक्ष श्री सुरेश कुमार यादव, सदस्य सुश्री माधुरी यदु एवं त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति के पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे। स्टेशन परिसर “गंगा मैया की जय” और “जय जगन्नाथ” के जयकारों से गूंज उठा।
प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन :-
समिति द्वारा बताया गया कि यह विशेष तीर्थ यात्रा 18 सितंबर से 25 सितंबर तक कुल 8 दिनों की रहेगी। इस दौरान श्रद्धालु भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे, जिनमें गंगा सागर, श्री जगन्नाथ पुरी, माँ कामाख्या देवी, कोलकाता, दक्षिणेश्वर काली मंदिर, कालीघाट काली मंदिर एवं बेलूर मठ शामिल हैं।
विशेष ट्रेन रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर, भाटापारा, रायगढ़ सहित मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से श्रद्धालुओं को लेते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई है। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और उमंग देखा गया।
एकता और सेवा की भावना :-
इस अवसर पर सुरेश कुमार यादव ने सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “ऐसी यात्राएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज के लोगों के बीच आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और सेवा की भावना को भी मजबूत करती हैं।”
त्रिपुरा तीर्थ यात्रा समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भोजन-व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है।




