रायपुर में 86 हजार, धमतरी में 80 हजार… पूरे प्रदेश में 12,20,620 श्रमिकों के आवेदन लटके…6 लाख बच्चों की छात्रवृत्ति फंसी…पूर्व अध्यक्ष सुशील अग्रवाल बोले -मंत्री व्यस्त हैं बार लाइसेंस में…होगा उग्र आंदोलन…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में श्रमिकों के हक पर सियासी घमासान तेज हो गया है। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल ने वर्तमान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकार की उदासीनता के कारण प्रदेश के लाखों श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गए हैं।
इच्छाशक्ति की कमी :-
अग्रवाल ने बताया कि भूपेश बघेल की कांग्रेस सरकार के दौरान मंडल की लगभग 30 जन-कल्याणकारी योजनाएं पूरी सक्रियता से चल रही थीं और पंजीकृत श्रमिकों को समय पर लाभ मिल रहा था। लेकिन वर्तमान सरकार की इच्छाशक्ति की कमी के कारण आज पूरे प्रदेश में लाखों आवेदन धूल खा रहे हैं।
आंकड़ों के साथ सरकार बेनकाब :-
सुशील सन्नी अग्रवाल ने कहा कि मैं मिथ्या आरोप नहीं लगा रहा, मेरे दिए आंकड़े खुद देख लीजिए –
पंजीयन के लंबित आवेदन:
रायपुर – 86,812
धमतरी – 80,009
दुर्ग – 43,556
महासमुंद – 22,346
गरियाबंद जैसे ट्राइबल जिले में भी – 26,194
पूरे छत्तीसगढ़ में कुल – 12,20,620 आवेदन लंबित
योजनाओं के लंबित आवेदन:
साइकिल सहायता जैसी योजना में – 15,663
नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना में – 3,56,556
बच्चों के गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी योजना में – 1,67,922
कुल – 6,10,310 आवेदन लंबित
चॉइस सेंटरों के साथ मिलीभगत :-
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रम मंत्री विभागीय कार्यों को छोड़कर केवल आबकारी विभाग की गतिविधियों में व्यस्त हैं। पूरे श्रम विभाग के अधिकारियों की चॉइस सेंटरों के साथ मिलीभगत चल रही है। श्रमिकों की सुविधा के लिए ब्लॉक स्तर पर खोले गए ‘श्रम संसाधन केंद्र’ पूरी तरह विफल और निष्क्रिय हैं। eKYC के नाम पर श्रमिकों को परेशान किया जा रहा है।
पहले 90 दिन में पंजीकृत :-
अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार जिन योजनाओं की वाहवाही लूट रही है, वो सारी कांग्रेस सरकार की बनाई हुई हैं, सिर्फ नाम बदलकर पेश किया जा रहा है। पहले 90 दिन में पंजीकृत होने के बाद योजना का लाभ मिल जाता था, आज कई योजनाओं में 3 साल पूरे होने पर ही लाभ मिल रहा है।
दो खास लोगों पर गंभीर आरोप :-
सुशील अग्रवाल ने नाम लेते हुए आरोप लगाया कि श्रम मंत्री के दो खास – श्री प्रफुल्ल तिवारी और श्री नरेंद्र पाटनवार विभाग में अधिकारियों-कर्मचारियों के ट्रांसफर, फैक्ट्री लाइसेंस, बार लाइसेंस और चॉइस सेंटर से सेटिंग कर लाखों का लेन-देन कर रहे हैं। इसी कारण गली-गली में बार खुल रहे हैं और प्रदेश का युवा नशे में डूब रहा है।
श्रमिक सम्मेलन का स्वांग रचा :-
भाजपा सरकार केवल दिखावा करती है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर विश्वकर्मा जयंती के नाम पर श्रमिक सम्मेलन का स्वांग रचा गया, जिसमें महंगे इलेक्ट्रॉनिक दिए तक जलाए गए।
मेहनतकशों के भविष्य से खिलवाड़ :-
अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार राजनीति से ऊपर उठकर मेहनतकशों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे। यदि जल्द ही लंबित लाखों आवेदनों का निपटारा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी श्रमिकों के अधिकारों के लिए सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।




