छत्तीसगढ़

केलो तट पर सेवा संकल्प: शनि मंदिर से खर्राघाट तक होगा कायाकल्प

रायगढ़, 24 सितंबर ।  सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल में रायगढ़ के खर्राघाट में बड़ी सौगात मिली है। वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को 29.99 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और नागरिकों के साथ श्रमदान किया और केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो सिर्फ नदी नहीं, रायगढ़ की आस्था और पहचान है, और स्वच्छता हर नागरिक की रोज की जिम्मेदारी है।

क्या-क्या बनेगा?

परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक 2 किमी क्षेत्र का कायाकल्प होगा। इसमें सड़क का उन्नयन, नाली, फुटपाथ, पचरी घाट का जीर्णोद्धार और शनि मंदिर तिराहे का चौड़ीकरण शामिल है।

8.50 एकड़ में ऑक्सीजोन :-

मुख्य आकर्षण खर्राघाट में 8.50 एकड़ में बनने वाला ऑक्सीजोन होगा। यहां सघन पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, नया घाट, ओपन जिम और मॉर्निंग-नाइट वॉक ट्रैक विकसित होंगे। घाट और ऑक्सीजोन को जोड़ने के लिए पुल के नीचे अंडरपास भी बनाया जाएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि अगले 5 साल में रायगढ़ में 10 से ज्यादा ऑक्सीजोन बनाने का लक्ष्य है, और आगे मरीन ड्राइव बनाने की भी योजना है।

काम 2 साल में पूरा :-

परियोजना को सीएसआर मद से स्वीकृति मिली है। अनुबंध राशि 26.39 करोड़ है और कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी हुआ है। काम 2 साल में पूरा करना है, लेकिन इसे समय से पहले पूरा करने का प्रयास होगा।

यह रहे मौजूद :-

कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया।

Related Articles

Back to top button