छत्तीसगढ़

मानवता और सेवा का संदेश लेकर…अमृतसर रवाना हुआ 200 सदस्यों का जत्था…

रायपुर। धार्मिक सौहार्द और निस्वार्थ सेवा की मिसाल पेश करते हुए तेलगु वेलफेयर सोसाइटी का 200 सदस्यीय जत्था स्वर्ण मंदिर, अमृतसर में सेवा के लिए रवाना हुआ। खास बात यह है कि इस जत्थे में सभी धर्मों के लोग शामिल हैं।

यह 5 दिवसीय सेवा यात्रा है, जिसका नेतृत्व सोसाइटी के अध्यक्ष टी. गोपी कर रहे हैं। जत्था स्वर्ण मंदिर में लंगर और अन्य व्यवस्थाओं में सेवा देगा।

रवाना होने से पहले रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित समाजसेवी कुबेर राठी के कार्यालय में सभी यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। कुबेर राठी द्वारा सभी के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई और यात्रा के दौरान के लिए भोजन के पैकेट भी दिए गए। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ जत्थे को रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया।

आंध्रा एसोसिएशन के पूर्व सचिव श्रीनिवास राव ने कहा कि कुबेर राठी द्वारा किया गया स्वागत अभिभूत करने वाला था, जिससे यात्रियों का उत्साह बढ़ गया।

समाजसेवी कुबेर राठी ने कहा कि स्वर्ण मंदिर जैसे पवित्र स्थल पर सेवा के लिए जाना सराहनीय कदम है। ऐसी यात्राएं आत्मिक शांति के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अच्छी सीख भी देती हैं।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राठी, बसंत अग्रवाल, श्रीनिवास रेड्डी सहित सिख समाज और तेलगु समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button