छत्तीसगढ़

महतारी वंदन में ‘कटौती राज… बहनों के नाम काटकर…वाहवाही लूट रही साय सरकार :-विनोद चंद्राकर

महासमुंद। महतारी वंदन योजना को लेकर साय सरकार पर बड़ा हमला बोला है पूर्व संसदीय सचिव और महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने। उन्होंने कहा है कि जो योजना माताओं-बहनों को संबल देने के लिए शुरू की गई थी, आज वही योजना उनके लिए मुसीबत बन गई है।

हर जिले में नाम कट -पोर्टल पर लगा ताला:-

चंद्राकर ने कहा, “महासमुंद ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ में बहनों के नाम काटे जा रहे हैं। पिछले ढाई साल से नया आवेदन लेने के लिए पोर्टल तक नहीं खोला गया है। सत्यापन के नाम पर जुड़ी हुई महिलाओं को अपात्र बताकर बाहर किया जा रहा है।”

69 लाख के आंकड़े पर उठाए सवाल ;-

सरकार के 69 लाख महिलाओं को लाभ देने के दावे को चंद्राकर ने झूठा बताया। उन्होंने कहा कि पौने तीन साल में लाखों नाम काटे जा चुके हैं। हर महीने हजारों नाम काटे जा रहे हैं और एक भी नया नाम नहीं जोड़ा जा रहा, तो फिर 69 लाख का आंकड़ा कैसे टिकेगा?

“सरकार हर महीने 700 करोड़ खर्च का रोना रो रही है। कभी परिवार में आयकरदाता होने, कभी सरकारी नौकरी में होने का हवाला देकर महिलाओं को अपात्र घोषित किया जा रहा है। यहाँ तक कि पहले दी गई राशि की वसूली भी की जा रही है। फॉर्म में गलत जानकारी का आरोप लगाकर नाम हटाना सिर्फ बजट बचाने का खेल है,” चंद्राकर ने कहा।

नवविवाहित बेटियों का हक मारा :-

पूर्व विधायक ने कहा कि ढाई साल में हजारों बेटियों की शादी हुई है, वे अब इस योजना की पात्र हो गई हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने से उनका हक मारा जा रहा है। सरकार ने खुद कहा था कि यह सतत प्रक्रिया है, फिर दरवाजे क्यों बंद हैं?

3 बड़ी मांगें ;-

विनोद चंद्राकर ने सरकार से मांग की है कि –

1.  झूठे आंकड़े पेश करना बंद करे

2.  काटे गए सभी महिलाओं के नाम तत्काल बहाल करे

3.  नवविवाहित पात्र महिलाओं के लिए पोर्टल खोलकर उन्हें पात्रता तिथि से पूरा लाभ दिया जाए।

Related Articles

Back to top button