छत्तीसगढ़

यादव समाज की हुंकार से गूंजी राजधानी…मातृशक्ति की ललकार…सरकार को दिया एकता का संदेश…कहा राजनीति में हक चाहिए, उपेक्षा नहीं सहेंगे…

रायपुर 4 अक्टूबर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु की सशक्त नीति और लगातार संघर्ष अब रंग लाने लगा है। प्रदेश में यादव समाज की एकजुटता खुलकर दिखने लगी है। लगातार बैठक, धरना-प्रदर्शन और सरकार तक अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से रखने के प्रयासों के बाद अब समाज की महिलाएं भी हक और अधिकार की लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर आगे आ गई हैं। इसका जीता-जागता प्रमाण शनिवार को राजधानी में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला सम्मेलन में देखने को मिला।

सर्व यादव समाज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना और राधे-कृष्ण गमछा से अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ।

महिलाओं को टिकट देना ही होगा :-

सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु के विजन को आगे बढ़ाते हुए महिला पदाधिकारियों ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। रमेश ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में यादव समाज की महिलाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी। दोनों ही राष्ट्रीय दलों को यादव समाज की महिलाओं को सम्मानजनक संख्या में टिकट देना होगा। रायपुर में उमड़ी मातृशक्ति की भीड़ इस बात की तस्वीर है कि अब समाज सिर्फ मांग नहीं, अपना राजनीतिक हक लेकर रहेगा।

सरकार पर उपेक्षा का आरोप-महिलाओं में आक्रोश :-

वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोगों, मंडलों और विभिन्न संस्थाओं में यादव समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है। समाज प्रदेश की सामाजिक संरचना में अहम भूमिका निभाता है, फिर भी उपेक्षा चिंताजनक है। अब महिलाएं भी इस लड़ाई में शामिल हैं, तो आवाज और बुलंद होगी।

मंच से क्या बोलीं महिला नेता ?

प्रदेश अध्यक्ष धनमती यादव ने कहा – “रमेश यदु के नेतृत्व में समाज ने नई दिशा पकड़ी है। महिलाएं अब सिर्फ परिवार नहीं, सत्ता और संगठन की बागडोर संभालेंगी, तभी समाज मजबूत होगा।”

प्रदेश महासचिव उर्मिला यादव ने कहा:-

“रमेश ने हमें सिखाया है कि संगठन ही सबसे बड़ी ताकत है। अब गांव से लेकर प्रदेश तक हर यादव महिला संगठित है।”

संगठन मंत्री गीता और ललिता ने कहा :-

“महिलाओं की भागीदारी के बिना विकास अधूरा है। हमारी एकता ही हमारी पहचान है। ललिता यादव ने अपने भजनों और कृष्ण जयकारों से पूरे पंडाल को राममय कर दिया।”

प्रदेश भर से उमड़ी मातृशक्ति :-

सम्मेलन में संगीता यादव (बस्तर), किरण संतोष यादव, गीता कृष्णा यादव, शिवरानी यादव (मुंगेली), हार बाई, रानी, गुड़िया, शांति, ममता, सरिता, पुष्पा, सुनीता, लक्ष्मी सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं। संचालन बिलासपुर जिलाध्यक्ष गीता यादव ने किया।

कार्यक्रम के अंत में रमेश यदु नीति के तहत समाज में एकता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी को और तेज करने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button