छत्तीसगढ़

ई चलान पर हाई अलर्ट…आपका चालान पेंडिंग है ? तो हो जाइए सावधान… ठगों ने बिछाया नया जाल…DCP ट्रैफिक ने क्या कहा…

रायपुर, 26 सितंबर। अगर आपके मोबाइल पर भी “आपका E-Challan पेंडिंग है, तुरंत भुगतान करें” का WhatsApp मैसेज आया है तो सावधान हो जाइए। यह साइबर ठगों का नया जाल हो सकता है। इसी ठगी से वाहन चालकों को बचाने और लंबित ई-चालानों के निराकरण के लिए शुक्रवार को यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाया।

कालीबाड़ी स्थित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात कार्यालय के सभागार में यातायात पुलिस कमिश्नरेट, परिवहन विभाग, ऑटो डीलर्स एसोसिएशन (RADA) और इंश्योरेंस कंपनियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

ई-चालानों की वर्तमान स्थिति :-

बैठक में DCP यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए बताया कि 2019 से ITMS कैमरों से जारी ई-चालानों की वर्तमान स्थिति क्या है और क्यों हजारों चालान आज भी लंबित हैं। वहीं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) आशीष देवांगन ने परिवहन विभाग के चालानों के निराकरण की प्रक्रिया समझाई।

तीन सबसे जरूरी बातें :-

1. असली मैसेज की पहचान क्या है?

ई-चालान की सूचना सिर्फ आपके वाहन के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ‘Vahan’ टाइटल से SMS के जरिए आती है। उसमें चालान नंबर, गाड़ी नंबर और लिंक होता है।

2. भुगतान कहाँ करें?

DCP डॉ. अर्चना झा ने साफ कहा – “यातायात पुलिस कभी भी WhatsApp या सोशल मीडिया पर भुगतान का लिंक नहीं भेजती।” भुगतान सिर्फ दो ही अधिकृत माध्यम से करें – शासकीय eChallan पोर्टल (echallan.parivahan.gov.in) या mParivahan App से।

3. साइबर फ्रॉड से कैसे बचें?

बैठक में विशेष अपील की गई – अनजान WhatsApp लिंक पर क्लिक न करें, किसी को भी OTP, बैंक डिटेल या UPI पिन शेयर न करें। अगर ऑनलाइन भुगतान नहीं कर पा रहे हैं तो सीधे यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी में ऑफलाइन भुगतान कर सकते हैं या नजदीकी च्वाइस सेंटर / परिवहन सेवा केंद्र में मदद ले सकते हैं।

ऑटो डीलर भी देंगे जानकारी :-

बैठक में RADA अध्यक्ष कैलाश खेमानी, पूर्व अध्यक्ष रविंद्र भसीन और FADA स्टेट अध्यक्ष विवेक गर्ग सहित करीब 100 डीलर्स मौजूद रहे।

असली ई-चालान पोर्टल :-

निर्णय लिया गया कि अब रायपुर के सभी ऑटो शोरूम में असली ई-चालान पोर्टल की जानकारी वाले पोस्टर लगाए जाएंगे। गाड़ी खरीदने, सर्विसिंग या बीमा के लिए आने वाले हर ग्राहक को डीलर ही ई-चालान चेक करने का सही तरीका बताएंगे। RADA ने इसके लिए पूरा सहयोग और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का आश्वासन दिया है।

आरटीओ आशीष देवांगन ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि अपना मोबाइल नंबर आरटीओ में अपडेट जरूर कराएं, ताकि चालान की सूचना समय पर मिल सके और पेनाल्टी बढ़ने से बचा जा सके।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन, ACP ट्रैफिक स्नेहिल साहू, सतीश ठाकुर और RADA कोषाध्यक्ष अभिनव ऋषि भी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button