छत्तीसगढ़

जय यादव, जय माधव से गूंज उठा मौलश्री विहार…जब सैकड़ों गाड़ियों संग सांसद बृजमोहन के दरवाजे पहुँचे रमेश…सौंपा ज्ञापन… कहा भविष्य की लड़ाई…युवाओं का सवाल…रावत को OBC हक कब?

रायपुर् 23 अक्टूबर ।  छत्तीसगढ़ में यादव समाज की एकजुटता अब खुलकर सामने आने लगी है। सर्व यादव समाज ने रावत जाति को केंद्रीय OBC सूची में शामिल कराने के लिए बड़ी पहल शुरू की है।

VIP रोड पर यादव समाज का शक्ति प्रदर्शन :-

रावत उपजाति के केंद्र सरकार की केंद्रीय पिछड़ा वर्ग (OBC) सूची में शामिल न होने और ठेठवार यादव जाति का नाम सूची में गलत ‘थेतवार’ लिखे जाने की विसंगति को दूर करने के लिए सर्व यादव समाज ने शुक्रवार को राजधानी में मोर्चा खोल दिया।

आज दोपहर 1 बजे VIP रोड में यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर हजारों की संख्या में यादव समाज के लोग एकत्रित हुए। जैसे ही “जय यादव, जय माधव” के नारे लगे, पूरे क्षेत्र का ध्यान इस आयोजन की ओर खिंच गया।

काफिला पहुंचा बृजमोहन के बंगले मे:-

राम मंदिर में एकजुट होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु के नेतृत्व में, रायपुर जिला अध्यक्ष गजानंद यादव और सामाजिक प्रमुख मनोज यादव सहित हजारों लोग सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ सीधे VIP रोड स्थित मौलश्री विहार में सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले पर पहुंचे। जैसे ही काफिला पहुंचा और जय यादव, जय माधव का नारा गूंजा, तो आसपास अन्य कार्यों से आए लोग भी वहीं ठहर कर देखते रह गए कि आखिर मामला क्या है।

ज्ञापन में 3 बड़ी मांगें :-

मौके पर रमेश यदु ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पूरे मामले की गंभीरता बताई। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि –

1. केंद्रीय नौकरियों में नुकसान:- रावत जाति केंद्र की OBC सूची में शामिल नहीं होने के कारण समाज के युवाओं को केंद्रीय नौकरियों और शिक्षा में पिछड़ा वर्ग आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

2. जाति प्रमाण पत्र में अड़चन: – ठेठवार यादव जाति का नाम केंद्र की सूची में गलत तरीके से ‘थेतवार’ दर्ज है, जिसके कारण जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।

3. 1 साल से फाइल अटकी: – छत्तीसगढ़ शासन और छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा पूरी प्रक्रिया पूर्ण कर लगभग 1 वर्ष पूर्व केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई।

रमेश यदु ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और यह सीधे आने वाले युवाओं और समाज के बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसे प्रमुखता से उठाया जाना जरूरी है ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य खराब न हो।

बृजमोहन ने दिया भरोसा उठाऊंगा मुद्दा :-

पूरी बात सुनने के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि – “निश्चित ही यह मांग जायज है और इसे मैं प्रमुखता के साथ संसद में उठाऊंगा। मैं दिल्ली पहुंचकर संबंधित मंत्रालय से इस विषय पर चर्चा कर इस कार्य को पूरा कराने में पूरी मदद करूंगा। यह समाज के भविष्य से जुड़ा विषय है।”

हर लोकसभा में प्रभारी नियुक्त :-

प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने बताया कि यह लड़ाई सिर्फ एक ज्ञापन तक सीमित नहीं है। विगत दिनों सर्व यादव समाज ने आह्वान किया था कि एक सप्ताह के भीतर छत्तीसगढ़ के सभी 11 सांसदों को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी कड़ी में आज रायपुर लोकसभा सांसद को ज्ञापन सौंपा गया।

गौरतलब है कि इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष रमेश लगातार केंद्रीय मंत्री, केंद्रीय सचिव से संपर्क कर इस मामले को निपटाने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कहीं न कहीं तकनीकी खामियों के चलते उन्हें जद्दोजहद भी करना पड़ रहा है।

इसके बाद सर्व यादव समाज की ब्लॉक स्तर पर बैठक कर एक रणनीति बनाई गई, जिसमें तय किया गया कि छत्तीसगढ़ में 11 सांसद हैं और उन सभी सांसदों के माध्यम से इस मामले को संसद में उठाया जाएगा। इसके लिए हर लोकसभा क्षेत्र में समाज के एक-एक व्यक्ति को प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिसकी शुरुआत राजधानी से की गई।

Related Articles

Back to top button