Breaking News

यादव समाज से टकराना पड़ा भारी…7 दिन के अल्टीमेटम ने दिखाया असर…आखिरकार VIDEO जारी… अजय चंद्राकर ने मांगी माफी

c59c1415-3850-4fcc-8d82-9abf60764dce

रायपुर 23 अगस्त ।  सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के 7 दिन के अल्टीमेटम के बाद आखिरकार भाजपा के कद्दावर विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर को बैकफुट पर आना पड़ा है। यादव समाज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उन्होंने वीडियो जारी कर समाज से खेद व्यक्त करते हुए माफी मांग ली है। इसके साथ ही प्रदेश में बढ़ता जा रहा बड़ा विवाद फिलहाल टल गया है।

भावनाओं को ठेस पहुंची :-

अजय चंद्राकर ने अपने वीडियो संदेश में सफाई दी कि उनका बयान युवा कांग्रेस के चुनाव के संदर्भ में था, जिसका उद्देश्य यादव समाज की भावनाओं को आहत करना बिल्कुल नहीं था। उन्होंने कहा, “यदि मेरे किसी बयान से यादव समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं हृदय से खेद व्यक्त करता हूं और समाज से माफी मांगता हूं।

समाज में भारी आक्रोश :-

गौरतलब है कि चंद्राकर के बयान के बाद से पूरे प्रदेश के यादव समाज में भारी आक्रोश था। सर्व यादव समाज ने इसे समाज के स्वाभिमान पर चोट बताते हुए कड़ी निंदा की थी और 7 दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया था, साथ ही चेतावनी दी थी कि माफी नहीं मांगने पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

यह माफी नहीं, एकजुटता की जीत है – रमेश यदु

अजय चंद्राकर के माफीनामे पर सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने इसे लोकतांत्रिक तरीके से लड़ी गई लड़ाई और सामाजिक एकजुटता की बड़ी जीत बताया कहा, “यह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ लड़ाई नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई थी। यादव समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है और हमने हमेशा संघर्ष से अपनी पहचान बनाई है।”

टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण :-

उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, “जिस समाज के समर्थन से अजय चंद्राकर विधायक से लेकर मंत्री जैसे बड़े पद तक पहुंचे, उसी समाज पर टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने मधुमक्खी के छत्ते पर पत्थर मारने जैसा काम किया था। समय रहते माफी नहीं मांगते तो प्रदेशभर में स्थिति और गंभीर हो जाती।”

समाज की आवाज बुलंद :-

रमेश यदु ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंच से किसी भी समाज के बारे में बोलते समय सौ बार सोचना चाहिए। उन्होंने सर्व यादव समाज के सभी पदाधिकारियों, युवा साथियों और समाजजनों का आभार जताया जिन्होंने संयम रखते हुए एकजुट होकर समाज की आवाज  बुलंद किया

फिलहाल माफी के बाद विवाद शांत होता नजर आ रहा है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने एक संदेश साफ कर दिया है कि एकजुट समाज के सामने बड़े से बड़ा सियासी कद भी नहीं टिक सकता।

Related Articles

Back to top button