छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सुनना पड़ा…. गजेंद्र यादव को झुकना पड़ा…. समाज से बड़ा कोई नहीं…छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा की छुट्टी घोषित…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोवर्धन पूजा और मातर पर्व की छुट्टी को लेकर चल रहा घमासान आखिरकार समाज की जीत के साथ खत्म हुआ। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ की लगातार मांग और दस्तावेजी लड़ाई के आगे आखिरकार सरकार को झुकना पड़ा और अब यह छुट्टी केवल दुर्ग तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे प्रदेश में लागू होगी।

क्या था पूरा विवाद:-

इस लड़ाई की शुरुआत सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु द्वारा लिखे गए पत्र क्रमांक Q/10/2026, दिनांक 14/10/2026 से हुई थी। यह पत्र सीधे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को लिखा गया था। पत्र में स्पष्ट मांग थी कि 11 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश दीपावली के साथ एक दिन बढ़ाकर घोषित किया जाए। पत्र में लिखा था कि गोवर्धन पूजा छत्तीसगढ़ में केवल यादव समाज का नहीं, बल्कि गांव के हर किसान और हर वर्ग का भव्य पर्व है।

दूसरा दस्तावेज इस लड़ाई को और हवा दे गया। कलेक्टर दुर्ग कार्यालय से कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा जारी संशोधित आदेश ESTB-1027/98/2026, दिनांक 01-09-2026 में दुर्ग जिले के लिए स्थानीय अवकाश घोषित किया गया – 11.11.2026 को मातर पर्व की छुट्टी।

यानी प्रदेश के 33 जिलों में से सिर्फ 1 जिले दुर्ग में छुट्टी और बाकी 32 जिलों के यादव-किसान समाज के साथ सौतेला व्यवहार? इसी सवाल ने पूरे प्रदेश के यादव समाज में गुस्सा भर दिया।

समाज ही दुश्मन बन बैठा :-

इसी को लेकर प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने अपने ही समाज से आने वाले दुर्ग विधायक और कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव पर तीखा हमला बोला था।

रमेश यदु ने कहा था – “यह बड़े दुर्भाग्य की बात है कि वर्तमान दुर्ग जिले के विधायक और कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव खुद यादव समाज से आते हैं, और उन्हीं के विभाग से यह आदेश जारी हुआ है जिसमें गोवर्धन पूजा और मातर पर्व की छुट्टी गायब है। उन्हें इस त्यौहार का महत्व ही नहीं पता।”

“ऐसा लगता है जैसे कुछ लोग मंत्री बनते ही मदमस्त होकर घूम रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि वो छत्तीसगढ़ के भगवान बन गए हैं। यादव कुल को भूल गए हैं। जो व्यक्ति सत्ता में आकर अपने समाज, अपने संस्कार और अपनी संस्कृति को ही भूल जाए, ऐसे शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से दूरी बनाना ही समाज बेहतर समझता है।”

अंत में समाज की जीत:-

रमेश यदु के नेतृत्व में सर्व यादव समाज जब हर जिले में ज्ञापन और मुख्यमंत्री को पत्र देकर मोर्चा खोल चुका था, तब जाकर शिक्षा विभाग की नींद खुली।

जैसे ही खबर चली कि समाज के ही लोग मंत्री के दुश्मन बन बैठे हैं और यह मंत्रिपद एक वर्ग को देखकर दिया गया है, तो गजेंद्र यादव को भी एहसास हुआ कि सत्ता समाज से ही है।

जिसके चलते शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने दीपावली की छुट्टी एक दिन और बढ़ा दी है। पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने 21 सितंबर के आदेश में दीपावली अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर तक घोषित किया था। अब इसे एक दिन बढ़ाकर 6 नवंबर से 11 नवंबर तक कर दिया गया है। यानी 11 नवंबर को पूरे प्रदेश में गोवर्धन पूजा और मातर पर्व का अवकाश रहेगा।

संदेश साफ है :-

सर्व यादव समाज ने बता दिया है कि समाज से बड़ा कोई नहीं होता। रमेश यदु के नेतृत्व में प्रदेश भर में चलाए गए अभियान के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह आदेश जारी होना यह साबित करता है कि जब समाज एकजुट होता है तो मंत्रियों को भी झुकना पड़ता है ।

Screenshot

Related Articles

Back to top button