Breaking News

अजय चंद्राकर के कथित बयान पर…सर्व यादव समाज में आक्रोश…मांगी सार्वजनिक माफी…

रायपुर। सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता अजय चंद्राकर के ‘यादवी संघर्ष’ और यादव समाज के विनाश से संबंधित कथित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी यादव समाज की भावनाओं के विपरीत है और संपूर्ण यादव समाज इसकी घोर निंदा करता है।

रमेश यदु ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सार्वजनिक बयान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसलिए सामाजिक एवं संवेदनशील विषयों पर जनप्रतिनिधियों को सोच-समझकर अपनी बात रखनी चाहिए, ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो।

उन्होंने कहा कि यदि अजय चंद्राकर के बयान से यादव समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी बात स्पष्ट करते हुए समाज से माफी मांगनी चाहिए। यदु ने कहा कि समाज के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

रमेश यदु ने प्रदेश के सभी यादव समाज के संगठनों से अपील की कि वे एकजुट होकर शीघ्र संयुक्त बैठक आयोजित करें और इस विषय पर सामूहिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि समाज के मुद्दों पर सभी संगठनों को एक मंच पर आकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में यादव समाज से जुड़े जनप्रतिनिधियों की ओर से इस विषय पर अब तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आना दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज से जुड़े संवेदनशील विषयों पर सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

रमेश यदु ने कहा कि यदि बयान को लेकर माफी नहीं मांगी जाती है, तो आने वाले समय में यादव समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी नाराजगी व्यक्त करेगा और समाज के सम्मान के लिए आवाज बुलंद करेगा।

इन समाज प्रमुखों ने भी जताई आपत्ति:-

भीकम यादव, सुदामा यादव, देवनारायण यादव, रामचंद्र यादव, नत्थू लाल यादव, विजय यादव, राकेश यादव, हरीश यादव, अशोक यादव, दिनेश यादव, श्रीमती धानमती यादव, गीता यादव, किरण यादव, गोविंद यादव, काशुराम यादव, जितेंद्र यादव सहित अन्य समाज प्रमुखों ने भी अजय चंद्राकर के कथित बयान की निंदा की है।

Related Articles

Back to top button