दुर्ग सहकारी बैंक ने रचा कीर्तिमान…3 लाख किसानों को…1412 करोड़ का ब्याज मुक्त ऋण…

दुर्ग। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग ने खरीफ 2026 में रिकॉर्ड कृषि ऋण वितरण कर नया इतिहास रच दिया है। 19 अगस्त 2026 तक की स्थिति में बैंक की 402 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों ने 3,08,674 किसानों को 1412 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया है, जो पिछले 4 वर्षों में सबसे अधिक है।
बैंक को इस खरीफ सीजन के लिए 1595 करोड़ रुपये का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध 89% लक्ष्य की पूर्ति की जा चुकी है। जबकि ऋण वितरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तक है।
70:30 के अनुपात में मिला ऋण, ब्याज 0%:-
बैंक प्रबंधन ने बताया कि छ.ग. शासन के पूर्व निर्धारित 60:40 के अनुपात को बढ़ाकर इस वर्ष 70:30 के अनुपात में नगद एवं वस्तु ऋण दिया गया है। कुछ समय तक खाद की आपूर्ति बाधित होने के बावजूद कृषि विभाग से समन्वय कर किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया गया। शासन की योजना के तहत किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर यह ऋण दिया जा रहा है।
बैंक द्वारा 4.02 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जारी कर उसी के माध्यम से ऋण वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री फसल बीमा में भी रिकॉर्ड:-
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत भी बैंक ने रिकॉर्ड बनाया है। अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 तक 3,27,027 किसानों को फसल बीमा का आवरण प्रदान किया गया है। पिछले साल खरीफ 2025 में 3,24,469 किसान ही बीमित हुए थे, इस तरह इस वर्ष 3000 से अधिक नए किसानों को बीमा सुरक्षा मिली है। प्रीमियम राशि बीमा कंपनी को भेजने की प्रक्रिया जारी है।
वर्तमान में सभी समितियों में मांग के अनुसार खाद उपलब्ध है और कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों द्वारा इसका सतत निरीक्षण किया जा रहा है।



