तेलघानी नाका में नो-एंट्री.., 472 से अधिक मालवाहक वाहनों पर ई-चालान…

रायपुर, 22 अगस्त । शहर में शाम के समय लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने सख्ती बढ़ा दी है। तेलघानी नाका और स्टेशन क्षेत्र में प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले मालवाहक वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में 18 अगस्त से अब तक 472 से अधिक वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई है।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन और एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत गुरुवार 21 अगस्त को शाम 5 से 7 बजे तक तेलघानी नाका चौक और रामनगर अंडरब्रिज क्षेत्र में विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया गया। इस दौरान अग्रसेन चौक, भैंसथान, राठौर चौक, गुरुनानक चौक और संजय गांधी चौक की ओर से नो-एंट्री में आ रहे हल्के एवं मध्यम मालवाहक वाहनों को रोका गया।
पुलिस ने एक ही दिन में 150 मालवाहक वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 179 के तहत इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से ई-चालान किया और सभी वाहनों को आंतरिक मार्गों से वापस लौटाया। यह कार्रवाई निरीक्षक अंबरीश शर्मा थाना प्रभारी यातायात फाफाडीह की टीम द्वारा की गई।
कहां है नो-एंट्री और कब ?
यातायात पुलिस के अनुसार शाम 05:00 बजे से 07:00 बजे तक इन मार्गों पर पिकअप, टाटा एस, ऑटो ट्रेलर सहित अन्य हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है –
1. अग्रसेन चौक – भैंसथान मार्ग – तेलघानी चौक
2. राठौर चौक – तेलघानी चौक
3. फाफाडीह चौक – स्टेशन चौक – तेलघानी चौक
4. चुना भट्टी – गुढ़ियारी अंडरब्रिज – नर्मदा पारा – स्टेशन चौक
5. कर्मा चौक रामनगर – रामनगर ब्रिज/अंडरब्रिज – तेलघानी नाका चौक
6. नाहरपारा – संजय गांधी चौक – स्टेशन गुरुद्वारा मार्ग
यातायात पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों से अपील की है कि प्रतिबंधित समय और मार्गों का पालन करें, अन्यथा आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



