विशेष सम्मान समारोह…मितानिन ट्रेनर दीदियों के खिल उठे चेहरे…

रायपुर l नगर पालिक निगम रायपुर अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 51 के जोरा क्षेत्र में वार्ड पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन एवं मितानिन ट्रेनर दीदियों के सम्मान में शुक्रवार को विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वार्ड अंतर्गत कार्यरत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन दीदियां एवं मितानिन ट्रेनर दीदी को साड़ी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन दीदियां समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। ये बहनें शासकीय योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करती हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा, गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण के प्रति जागरूकता, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल, नवजात शिशुओं की निगरानी तथा कुपोषण की पहचान कर उचित मार्गदर्शन देने में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण आहार वितरण, वजन एवं स्वास्थ्य की नियमित जांच, स्वच्छता एवं पोषण के प्रति जागरूकता जैसे कार्य निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। सहायिकाएं केंद्र की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करती हैं, वहीं मितानिन दीदियां वार्ड स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाकर त्वरित सहायता सुनिश्चित करती हैं। मितानिन ट्रेनर दीदी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के माध्यम से संपूर्ण व्यवस्था को सशक्त बनाती हैं।
पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने कहा कि इन बहनों ने महामारी सहित हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ किया है। वार्ड में कुपोषण मुक्त अभियान, शत-प्रतिशत टीकाकरण, स्वच्छता जागरूकता तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में इनका योगदान सराहनीय और प्रेरणादायी है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास किए जाएंगे। वार्ड के समग्र विकास के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना हमारी प्राथमिकता है।
सम्मानित बहनों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कार्यों के प्रति विश्वास एवं प्रोत्साहन का प्रतीक है, जिससे उनका मनोबल और अधिक सुदृढ़ हुआ है।



