श्री श्री आयुर्वेद महाविद्यालय…देश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में शामिल…देश में तीसरा स्थान…

कटक/रायपुर, 27 जुलाई । ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित “श्री श्री कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस एंड रिसर्च हॉस्पिटल” ने आयुर्वेद शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
प्रतिष्ठित आउटलुक आईकेयर रैंकिंग 2026 में इस संस्थान ने देश के शीर्ष 20 आयुर्वेद महाविद्यालयों की सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस मूल्यांकन में संस्थान को 1000 में से 935.57 अंक मिले हैं।
यह रैंकिंग पाँच प्रमुख मानकों – शिक्षा एवं अनुसंधान में उत्कृष्टता, उद्योग सहभागिता एवं प्लेसमेंट, अत्याधुनिक आधारभूत संरचना एवं सुविधाएँ, सुशासन एवं प्रवेश प्रक्रिया तथा विविधता एवं सामाजिक सहभागिता के आधार पर तय की गई है।
इस सूची में पहला स्थान महाराष्ट्र के पुणे स्थित भारती डीम्ड विश्वविद्यालय के आयुर्वेद महाविद्यालय को और दूसरा स्थान केरल के कोल्लम स्थित अमृतपुरी विद्यापीठम को प्राप्त हुआ है।
यह सफलता श्री श्री विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उन्नत रोगी सेवा, आधुनिक अनुसंधान और अनुभवी शिक्षकों की टीम तथा आयुर्वेद में निरंतर नवाचार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पूरे ओडिशा के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आदेश गोयल, कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) तेज परताप तथा कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य ने कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों तथा पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान भविष्य में अपनी उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाएगा।




