. श्री श्री आयुर्वेद महाविद्यालय ने रचा इतिहास…देश में तीसरा स्थान

कटक/रायपुर, 27 जुलाई। ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित श्री श्री कॉलेज ऑफ आयुर्वेदिक साइंस एंड रिसर्च हॉस्पिटल ने देश के सर्वश्रेष्ठ आयुर्वेद शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
प्रतिष्ठित आउटलुक आईकेयर रैंकिंग 2026 में इस संस्थान को देश के शीर्ष 20 आयुर्वेद महाविद्यालयों में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। संस्थान ने 1000 में से 935.57 अंक अर्जित किए हैं। यह मूल्यांकन पाँच प्रमुख मानकों – शिक्षा एवं अनुसंधान में उत्कृष्टता, उद्योग सहभागिता एवं प्लेसमेंट, अत्याधुनिक आधारभूत संरचना एवं सुविधाएँ, सुशासन एवं प्रवेश प्रक्रिया तथा विविधता एवं सामाजिक सहभागिता के आधार पर किया गया।
इस रैंकिंग में पहला स्थान महाराष्ट्र के पुणे स्थित भारती डीम्ड विश्वविद्यालय के आयुर्वेद महाविद्यालय को और दूसरा स्थान केरल के कोल्लम स्थित अमृतपुरी विद्यापीठम को प्राप्त हुआ है। तीसरा स्थान हासिल कर श्री श्री कॉलेज ने आयुर्वेद शिक्षा और चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता सिद्ध की है।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उन्नत रोगी सेवा, आधुनिक अनुसंधान, अनुभवी एवं दक्ष शिक्षकों तथा आयुर्वेद के क्षेत्र में निरंतर नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह पूरे ओडिशा के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष आदेश गोयल, कुलपति प्रो. (डॉ.) तेज परताप तथा कार्मिक निदेशक स्वामी सत्यचैतन्य ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, कर्मचारियों तथा पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान भविष्य में आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने में सफल होगा।




