छत्तीसगढ़ बना लोकतंत्र की प्रयोगशाला… राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति ने…नवा रायपुर से दिया पारदर्शी चुनाव का मंत्र…
स्थानीय चुनाव होंगे और भी आसान… पारदर्शी और हाईटेक

रायपुर, 17 सितंबर । राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति की अहम बैठक आज छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के नवा रायपुर अटल नगर स्थित कार्यालय में संपन्न हुई। 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन के तहत हुई इस बैठक में देशभर के निर्वाचन आयुक्तों ने स्थानीय निकाय चुनावों को सुगम, निष्पक्ष, तकनीक-सक्षम और समयबद्ध कराने पर गहन मंथन किया।
तीन बड़े मुद्दों पर फोकस :-
1. टेक्नोलॉजी शेयरिंग: विभिन्न राज्यों में लागू सफल ऑनलाइन व्यवस्थाओं और तकनीकी पहलों को दूसरे राज्यों में भी लागू करने पर सहमति।
2. EVM प्रबंधन: जरूरत पड़ने पर राज्यों के बीच EVM साझा करने के लिए एक सेंट्रलाइज्ड ‘EVM प्रबंधन प्रणाली सॉफ्टवेयर’ बनाने का फैसला। इसकी जिम्मेदारी बिहार राज्य निर्वाचन आयोग को दी गई है।
3. बेस्ट प्रैक्टिस और समय पर चुनाव: चुनाव संचालन की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान और तय समय पर चुनाव कराने में आ रही व्यावहारिक अड़चनों को दूर करने पर चर्चा।
M-3 मॉडल EVM पर बनी सहमति :-
बैठक में दो बड़े प्रस्तावों पर मुहर लगी। गुजरात और महाराष्ट्र के सुझाव पर राज्यों के बीच चुनावी डेटाबेस साझा करने पर सहमति बनी। वहीं पश्चिम बंगाल के प्रस्ताव पर M-3 मॉडल EVM को जरूरत के समय राज्यों को उपलब्ध कराने और मिलकर इस्तेमाल करने की व्यवस्था को मंजूरी मिली।
आयुक्तों ने एक-दूसरे के चुनावी नवाचारों को समझने के लिए चुनाव कार्यक्रम साझा करने और अध्ययन दौरे करने पर भी जोर दिया।
विकास मॉडल पर विशेष प्रस्तुति:-
बैठक में ‘कोऑपरेटिव फेडरलिज्म और मल्टीलेवल गवर्नेंस’ विषय पर होने वाले आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए पुणे को संभावित स्थल के रूप में तय किया गया। इस दौरान NRDA के CEO चंदन कुमार ने नवा रायपुर के आधुनिक और सुनियोजित विकास मॉडल पर विशेष प्रस्तुति दी।
नवीन विधानसभा और स्मार्ट सिटी की सराहना :-
बैठक के बाद सभी निर्वाचन आयुक्तों ने सपरिवार सेक्टर-19 स्थित छत्तीसगढ़ के नवीन विधानसभा भवन का भ्रमण किया। आयुक्तों ने सदन के भीतर जाकर विधायी कामकाज की व्यवस्था देखी। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भवन का लोकार्पण किया था।
आयुक्तों ने नवा रायपुर के प्रमुख सेक्टरों, शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीक के क्षेत्र में बन रही विश्वस्तरीय सुविधाओं को देखकर इसे एक आदर्श स्मार्ट सिटी बताया।
डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम में दिखा:-
भ्रमण के अंतिम पड़ाव में आयुक्तों ने नवा रायपुर स्थित देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम – शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का अवलोकन किया।
सभी अभिभूत हो गए :-
संग्रहालय के 14 सेक्टरों में डिजिटल स्क्रीनों के जरिए हल्बा विद्रोह, सरगुजा विद्रोह, भोपालपट्टनम, परलकोट, तारापुर, लिंगागिरी, कोई, मेरिया, मुरिया, रानी चौरिस, भूमकाल, सोनाखान विद्रोह, झंडा सत्याग्रह और जंगल सत्याग्रह जैसी गाथाओं की जीवंत प्रस्तुति देखकर सभी अभिभूत हो गए। अंत में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ दौरे का समापन हुआ।




