Breaking News

एक QR Code, हजार फायदे…ऑटो में सामान भूले तो टेंशन खत्म…अब एक स्कैन में घर आएगा सामान…

रायपुर। अब रायपुर में ऑटो और ई-रिक्शा में बैठना पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और भरोसेमंद हो गया है। यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की अनोखी पहल ‘ऑटो एवं ई-रिक्शा QR Code पंजीयन अभियान’ का असर अब जमीन पर दिखने लगा है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में शुरू किए गए इस अभियान को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले एक महीने में ही यात्रियों द्वारा लगभग 50,000 बार QR Code स्कैन किया जा चुका है।

 क्या है यह व्यवस्था  ?

हर पंजीकृत ऑटो और ई-रिक्शा में एक यूनिक QR Code लगाया गया है। यात्री जैसे ही अपने मोबाइल से इस Code को स्कैन करते हैं, वैसे ही वाहन नंबर, चालक का नाम, मोबाइल नंबर और पंजीयन की पूरी जानकारी स्क्रीन पर आ जाती है। इससे न सिर्फ किराया-धोखाधड़ी पर लगाम लगी है, बल्कि महिला सुरक्षा और रात में सफर को लेकर भी लोगों में विश्वास बढ़ा है।

यातायात पुलिस के अनुसार अब तक 14 हजार से अधिक ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR Code लगाकर उनका पंजीयन किया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है।

भूला सामान तुरंत वापस:-

इस पहल का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिल रहा है जो जल्दबाजी में अपना सामान ऑटो में भूल जाते थे। पहले सामान ढूंढने में दिन लग जाते थे, अब QR Code स्कैन हिस्ट्री से चालक से तुरंत संपर्क हो रहा है और सामान कुछ ही घंटों में वापस मिल रहा है।

पुलिस के मुताबिक QR Code व्यवस्था के बाद से ITMS कंट्रोल रूम और यातायात थानों में सामान छूटने की शिकायतों में भारी कमी आई है।

पुलिस की अपील –

यातायात पुलिस रायपुर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि ऑटो या ई-रिक्शा में बैठने से पहले QR Code को अनिवार्य रूप से स्कैन जरूर करें। यह एक छोटा सा कदम आपकी यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित बना सकता है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद का जरिया बन सकता है।

Related Articles

Back to top button