छत्तीसगढ़

मैट्स विश्वविद्यालय में ‘उमंग 2026’ संपन्न…दिव्यांग बच्चों संग छात्रों ने बांटी खुशियां…

रायपुर, 13 अक्टूबर । मैट्स विश्वविद्यालय के मैट्स स्कूल ऑफ लाइब्रेरी साइंस विभाग द्वारा सामाजिक दायित्व के तहत आउटरीच कार्यक्रम ‘‘उमंग 2026‘‘ का सफल आयोजन किया गया। 

छात्रों में अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में लाइब्रेरी साइंस के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

विभाग द्वारा यह विशेष आयोजन सामाजिक संस्था कोपलवाणी, सेमरिया, रायपुर में किया गया। इस दौरान छात्रों को संस्था के दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताने का सुनहरा अवसर मिला। छात्रों ने बच्चों से आत्मीय वार्तालाप किया, उनके साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां की और मनोरंजक खेलों के माध्यम से उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए विभाग की प्राध्यापक डॉ. कल्पना चंद्राकर ने सामाजिक सहभागिता के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं डॉ. प्रमोद कुमार ने विश्वविद्यालय द्वारा समाज कल्याण के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को साझा किया। विभाग की ओर से बच्चों को उपहार स्वरूप ड्राइंग शीट और कलर सामग्री का वितरण किया गया, जिससे बच्चे बेहद प्रसन्न नजर आए।

इस सफल आयोजन पर मैट्स विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया, महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया, कुलपति प्रो. डॉ. के.पी. यादव, उपकुलपति डॉ. दीपिका ढांढ तथा कुलसचिव श्री गोकुलानंदा पंडा ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में लाइब्रेरी साइंस विभाग के सहायक प्राध्यापक संजय शाहजीत एवं ओमलता साहू का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button