ट्रैफिक का होगा कायाकल्प…हैकाथॉन में 457 आइडियाज की बौछार…350 लोगों ने दिए सॉल्यूशन…61% छात्र बने ट्रैफिक सुधार के हीरो…

रायपुर। राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और हाईटेक बनाने की पुलिस कमिश्नरेट की पहल को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर द इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स और NIT के सहयोग से आयोजित ‘रायपुर ट्रैफिक हैकाथॉन 2026’ की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो गई है।
457 प्रस्ताव प्राप्त हुए :-
यातायात पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक चले इस अभियान में कुल 457 प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिसमें लगभग 350 यूनिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि आखिरी तीन दिनों में ही 54% यानी 248 सुझाव आए, जो युवाओं के उत्साह को दिखाता है।
युवा और छात्र सबसे आगे :-
इस हैकाथॉन में युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा रही। कुल प्रतिभागियों में 61% छात्र हैं और 18 से 25 साल के युवाओं ने सबसे ज्यादा नवाचारी आइडियाज दिए हैं।
6 थीम, ‘सुरक्षा और AI’ टॉप पर :-
हैकाथॉन में 6 प्रमुख थीम पर सुझाव मांगे गए थे, जिसमें ‘ट्रैफिक सुरक्षा’ (Safety) और ‘AI/IoT’ से जुड़े प्रस्ताव आधे से ज्यादा रहे। कुल 293 प्रस्तावों के साथ प्रतिभागियों ने डिटेल प्लान और अटैचमेंट भी भेजे हैं।
स्क्रीनिंग का क्या है अपडेट?
विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रस्तावों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
पहला चरण:-
457 में से 433 प्रस्तावों की समीक्षा पूरी हो चुकी है, जिनमें से 222 प्रस्ताव (51%) पास हुए हैं और सीधे विशेषज्ञ समिति को भेजे गए हैं। इनमें से 21 प्रस्तावों को उपयुक्त/अति उत्तम पाया गया है। जबकि 211 प्रस्ताव ठोस कार्ययोजना न होने के कारण अस्वीकृत कर दिए गए।
दूसरा चरण (एक्सपर्ट रिव्यू):-
एक्सपर्ट लेवल पर अब तक 11 परिणाम आए हैं, जिसमें AI/IoT थीम के तहत व्यस्त मार्गों पर जाम नियंत्रण से जुड़े एक व्यावहारिक नवाचार को प्रेजेंटेशन के लिए मंजूरी दी गई है।
समिति ने स्पष्ट किया है कि सिर्फ सामान्य विचार, बिना कार्ययोजना के समस्या बताने वाले या सिर्फ दूसरे शहरों का हवाला देने वाले प्रस्तावों को रिजेक्ट किया गया है। उन्हीं सुझावों को आगे बढ़ाया जा रहा है जो रायपुर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों की जमीनी हकीकत पर लागू हो सकें।
27 सितंबर को फाइनल प्रेजेंटेशन:-
बताया गया कि आने वाले दिनों में ट्रैफिक इंजीनियरिंग, सेफ्टी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े लंबित प्रस्तावों की समीक्षा पूरी की जाएगी। इसके बाद 27 सितंबर 2026 को NIT में चयनित प्रस्तावों का प्रस्तुतीकरण होगा। प्रत्येक थीम के प्रथम, द्वितीय, तृतीय और ओवरऑल बेस्ट विजेता को आकर्षक पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।





