मूलभूत सुविधाओं को लेकर…पार्षद ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण…

रायपुर। लाल बहादुर शास्त्री वार्ड पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू के नेतृत्व में सोमवार को क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा, अधीक्षण अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैय्यद जोहेब तथा उप अभियंता श्रीमती अंकिता जर्नादन उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वार्ड के विभिन्न मोहल्लों एवं प्रमुख स्थलों का दौरा कर नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद किया गया। पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने अधिकारियों को अवगत कराया कि वार्ड के कई हिस्सों में नाली निर्माण नहीं होने से वर्षा एवं घरेलू पानी खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है, जिससे जलभराव, गंदगी और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है। इससे संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने संबंधित स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर नाली निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग रखी।
इसके अतिरिक्त वार्ड निगम क्षेत्र में शामिल हुए लगभग 15 वर्ष व्यतीत हो जाने के बाद भी कई मार्गों पर आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। कच्चे मार्गों के कारण बरसात में कीचड़ और गर्मी में धूल की समस्या से आमजन परेशान हैं। पार्षद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित सड़कों का सर्वे कर त्वरित प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित किया जाए।
पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने वार्ड में सामाजिक एवं सामुदायिक अधोसंरचना की कमी की ओर भी ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने हेतु एक भी सुव्यवस्थित गार्डन उपलब्ध नहीं है, युवाओं के लिए व्यायाम/जिम की सुविधा नहीं है तथा सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सामुदायिक भवन का अभाव है। इन सुविधाओं के विकास हेतु भूमि चिन्हांकन कर शीघ्र कार्ययोजना बनाने की मांग की गई।
वार्ड स्थित तालाबों की दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके गहरीकरण, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वार्ड में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। पार्षद ने संबंधित ठेकेदारों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों द्वारा सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई करने, प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने तथा चरणबद्ध रूप से समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
वार्ड पार्षद श्रीमती रेणु जयंत साहू ने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर वे निरंतर सक्रिय रहकर समाधान सुनिश्चित करेंगी।




